राष्ट्रीय

Punjab Congress: अमरिंदर राजा वड़िंग की विदाई की अटकलों के बीच विजय इंदर सिंगला का बड़ा बयान, बताया कौन है प्रदेश अध्यक्ष

Punjba Congress: पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच विजय इंदर सिंगला ने कहा कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ही प्रदेश अध्यक्ष हैं और सभी नेता उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
2 min read
Punjab Congress leadership change 2027
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को हटाने की चर्चा तेज (Photo-IANS)

Raja Warring Punjab Congress Leadership Change: पंजाब में अगले साल से होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बदलने की अटकलें तेज हो गई है। इस पर कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला का बयान आया है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के एक वफादार सिपाही हैं और पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उन्होंने उसे पूरी ईमानदारी से निभाया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग हैं और पार्टी के सभी नेता एवं कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में मिलकर काम कर रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। हालांकि इसको लेकर पार्टी और उनकी तरफ से आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। वहीं रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सिंगला को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। 

प्रदेश अध्यक्ष बनने की अटकलों पर क्या बोले सिंगला

सिंगला से जब पूछा गया कि क्या उन्हें पंजाब कांग्रेस का अगला अध्यक्ष बनाया जा सकता है? तो उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में फिलहाल ऐसा कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अब तक उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी है, उन्होंने उसे निभाया है और आगे भी इसी तरह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ता उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं। 

'AAP के गढ़' संगरूर में कर रहा हूं काम

इस दौरान सिंगला ने अपने गृह जिले संगरूर का जिक्र करते हुए कहा कि वह इस समय वहीं पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने संगरूर को आम आदमी पार्टी (AAP) का मजबूत गढ़ बताते हुए कहा कि वह वहीं रहकर लोगों के बीच कांग्रेस के लिए काम कर रहे हैं।

सिंगला ने दोहराया कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर उनकी जानकारी में फिलहाल कोई मामला नहीं है और इस संबंध में चर्चा मुख्य रूप से मीडिया में हो रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें अभी भी कई जिम्मेदारियां दे रखी हैं और वह उन्हें पूरी ईमानदारी एवं मेहनत से निभाने में जुटे हैं।

पंजाब कांग्रेस में कलह जारी

बता दें कि पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ समय से संगठन के भीतर मतभेद और अलग-अलग गुटों की सक्रियता चर्चा में रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के भीतर संगठन और नेतृत्व को लेकर गतिविधियां तेज हैं।

राजा वड़िंग को पंजाब में कांग्रेस के प्रदर्शन और नेतृत्व को लेकर पार्टी के कुछ वर्गों की आलोचना का भी सामना करना पड़ा है। हालांकि, वड़िंग पहले यह कहकर अपने नेतृत्व का बचाव कर चुके हैं कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 80 सीटों से घटकर 18 सीटों पर आने के लिए उन्हें अकेले जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

चन्नी को सीएम फेस बनाने की मांग भी उठी

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर खींचतान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक उन्हें 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने की मांग भी उठा चुके हैं।

एक कार्यक्रम के दौरान चन्नी के समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे लगाए थे। स्थिति को संभालने के लिए राजा वड़िंग ने एक समर्थक को मंच पर बुलाया और चन्नी से फोन पर बात कराने की पेशकश की थी।

Updated on:
01 Oct 2026 01:25 pm
Published on:
01 Oct 2026 12:58 pm