
मुंबई। शिवसेना नेता आनंद दुबे ने राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पार्टी को बधाई दी, लेकिन साथ ही तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में जीतने वालों को दूसरों की जीत भी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने भी देश में चुनाव जीते हैं और ये जीत वोट चोरी करके हासिल नहीं की गई है। दुबे ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि वहां हार मिलने पर पार्टी फिर रोना-धोना शुरू कर सकती है।
मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान आनंद दुबे ने कहा कि सबसे पहले वे राजस्थान ग्राम पंचायत चुनाव में अच्छे प्रदर्शन के लिए कांग्रेस को बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजस्थान में जीती है तो उसे इसका श्रेय मिलना चाहिए, लेकिन इसके साथ ही उसे यह भी स्वीकार करना चाहिए कि उनकी पार्टी ने भी देश में चुनावी जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने वोट चोरी करके जीत हासिल नहीं की है। दुबे ने तंज कसते हुए कहा कि उनकी पार्टी चुनाव में हारने के बाद रोना-धोना नहीं करती। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आने पर कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि वहां हार के बाद पार्टी फिर शिकायतें और आरोप लगाने लगेगी।
मुंबई के घाटकोपर में एक युवक और युवती के साथ मारपीट की घटना पर भी शिवसेना नेता आनंद दुबे ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। सामने आए वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें कुछ लोग युवक और युवती को डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। दुबे ने कहा कि घटना में शामिल कुछ लोगों की उम्र 17 से 18 साल के बीच बताई जा रही है, जबकि कुछ आरोपी 16 साल के भी हैं। उनके अनुसार, ये लोग इलाके में हंगामा कर रहे थे और अराजकता फैला रहे थे।
आनंद दुबे ने कहा कि सरकार अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। घटना सामने आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इसमें शामिल लोगों को पकड़ लिया। सरकार भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भी कड़े कदम उठा रही है। दुबे ने भरोसा जताया कि आगे मुंबई में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने में सफलता मिलेगी।