अमित शाह ने बताया कि सीमा के गांवों और सुरक्षा बलों के बीच तालमेल को और मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। गृह मंत्रालय ने ITBP और सेना को कहा है कि वे अपना सामान तेजपुर या गुवाहाटी से लाने के बजाय सीधे बॉर्डर के गांवों और वहां की सहकारी समितियों से खरीदें। उन्होंने बताया कि इससे अरुणाचल की महिलाओं को सीधा फायदा हो रहा है। महिलाएं अपनी सहकारी समितियों के जरिए दूध-दही, अंडे, सब्जियां, मोटा अनाज और आटा तैयार कर रही हैं। इससे गांव के परिवारों की कमाई बढ़ रही है, खेती में बदलाव आ रहा है और गांव वालों व जवानों के बीच भरोसा मजबूत हो रहा है।