तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। विधानसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस चुनावी माहौल के बीच साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत ने थलापति विजय की पार्टी TVK के वरिष्ठ नेता को करारा जवाब दिया है।
Superstar Rajinikanth Reacts to TVK Leader Comment: सुपरस्टार रजनीकांत ने अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय की पार्टी TVK के महासचिव आधव अर्जुन के बयान पर करारा जवाब दिया है। रजनीकांत ने TVK के महासचिव आधव अर्जुन की टिप्पणी को अपमानजनक और झूठा बताया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों, प्रसंशकों और आधव अर्जुन की टिप्पणी की आलोचना करने वालों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। दरअसल, अधव अर्जुन ने दावा किया था कि रजनीकांत और उनके परिवार को सत्ताधारी पार्टी DMK ने धमकी दी थी। इस धमकी के डर से रजनीकांत ने राजनीति में एंट्री नहीं की है।
सुपरस्टार रजनीकांत(Superstar Rajinikanth) ने आधव अर्जुन की टिप्पणी का करारा जवाब दिया है। रजनीकांत ने प्रतिक्रिया देते हुए अपने समर्थकों, प्रसंशकों और आधव अर्जुन की टिप्पणी की आलोचना करने वालों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। खुद के समर्थन में खड़े लोगों और हौसला देने वालों को रजनीकांत ने देवताओं के समान बताया है। रजनीकांत ने वरिष्ठ TVK नेता को X पोस्ट पर करारा जवाब दिया है। उन्होंने लिखा- समय बोलता नहीं, बल्कि इंतजार करता है और जवाब देता है। उन्होंने कहा कि मैं मीडिया के सदस्यों, प्रशंसकों, समर्थकों और हौसला बढ़ाने वालों को देवताओं के समान पूजता हूं। मुझे सहारा देने और मेरा हौसला बढ़ाने के लिए धन्यवाद।
थलापति विजय की पार्टी TVK के महासचिव आधव अर्जुन ने 12 मार्च को राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान रैली को संबोधित किया था। इस रैली में अर्जुन ने दावा किया कि तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन के युग के बाद, रजनीकांत एक लोकप्रिय राजनीतिक नेता के रूप में उभरने और व्यवस्थागत बदलाव लाने की इच्छा रखते थे। उन्होंने आगे कहा कि सत्ताधारी पार्टी DMK के नेतृत्व ने रजनीकांत एवं उनके परिवार पर दवाब डाला और धमकी दी। इसके परिणामस्वरूप रजनीकांत ने राजनीति में आने से परहेज किया। आधव अर्जुन ने आरोप लगाया था कि जब रजनीकांत ने राजनीति में आने की कोशिश की तो DMK परिवार ने उन्हें धमकाया था। अर्जुन ने कहा कि वह रजनीकांत की व्यक्तिगत आलोचना नहीं कर रहे हैं।
TVK महासचिव आधव अर्जुन ने रैली में कहा कि रजनीकांत DMK की धमकी की वजह से राजनीति में नहीं आए। थलापति विजय में यह प्रेशर सहन करने का साहस था। विजय के पास ऐसी धमकियों के बावजूद राजनीति में आने का साहस था। जब विजय की व्यक्तिगत आलोचनाएं हुईं, तब वह डर की वजह से घर में चुप नहीं बैठे। रजनीकांत पर अर्जुन की टिप्पणी के बाद राजनीतिक घमासान शुरू हो गया।
रजनीकांत के प्रशंसकों ने TVK महासचिव आधव अर्जुन के खिलाफ सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई। शोलिंगुर में रजनीकांत के फैन क्लब के सदस्य एस रवि ने कहा- रजनीकांत धमकियों से डरने वाले व्यक्ति नहीं हैं, यह तो सभी जानते हैं। कोरोना वायरस के तेजी से फैलने के समय, उन्होंने सार्वजनिक सभाओं से संक्रमण के खतरे को देखते हुए और वायरस के कारण होने वाली जानमाल की हानि को रोकने के लिए राजनीति से दूरी बनाई थी। रजनीकांत ने कहा था कि भीड़ इकट्ठा करने वाला हर कोई व्यक्ति नेता नहीं बन सकता।
TVK महासचिव आधव अर्जुन की टिप्पणी के बाद बीजेपी ने रजनीकांत का समर्थन किया। तमिलनाडु के बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने आधव अर्जुन की टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने कहा कि अभिनेता रजनीकांत ने सुपरस्टार रजनीकांत अपनी क्षमताओं और प्रतिभा के लिए सभी क्षेत्रों में अपार सम्मान के पात्र हैं। TVK के एक पदाधिकारी द्वारा ऐसे व्यक्तित्व पर हमला अस्वीकार्य है।
रजनीकांत को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, पद्म भूषण और पद्म विभूषण सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं। TVK को अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। नैनार नागेंद्रन ने TVK अध्यक्ष विजय से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा- उस पार्टी के नेता को ऐसी टिप्पणियों की निंदा करनी चाहिए और उन्हें इस तरह की हरकतें न करने की सलाह देनी चाहिए।