
पीएम मोदी(फोटो-IANS)
PM Modi Work From Home: पीएम मोदी ने देश के लोगों से अपील करते हुए कई चीजों में संयम बरतने की बात कही थी। जिसके बाद देश में नई राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। पीएम मोदी ने देश के लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सोने की खरीद सीमित रखने और जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम अपनाने के साथ कई अन्य सलाह दी थी। अब इस अपील पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। अलग-अलग पार्टी के नेता बयान दे रहे हैं। इसी कड़ी में सीपीआई नेता ने कहा कि पीएम मोदी कुछ भी बोल रहे हैं।
सीपीआई नेता डी राजा ने कहा कि सोना कौन खरीद रहा है? प्रधानमंत्री किसे सलाह दे रहे हैं? डी राजा ने आगे जोड़ा कि पीएम यह भू बताए कि सोना कौन खरीद रहा है? लोगों के पास खाने के लिए भी पर्याप्त पैसे नहीं हैं और वो सोना खरीदने की बात कह रहे हैं। जिसके पास पैसे नहीं हैं वो सोना कहां से खरीदेंगे। 'वर्क फ्रॉम होम' पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इसका क्या मतलब है?
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इसे सरकार की विफलता का संकेत बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सरकार जनता से लगातार त्याग मांग रही है, लेकिन यह नहीं बता रही कि हालात इस मोड़ तक पहुंचे कैसे। उन्होंने आगे लिखा कि लोगों से कहा जा रहा है कि क्या खरीदना है और क्या नहीं, कहां जाना है और कहां नहीं जाना है। उनके मुताबिक यह किसी मजबूत अर्थव्यवस्था की तस्वीर नहीं दिखाता। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर बार जिम्मेदारी आम लोगों पर डाल दी जाती है, जबकि जवाबदेही सरकार की होनी चाहिए।
इधर कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि अगर हालात इतने गंभीर हैं कि प्रधानमंत्री को इस तरह की अपील करनी पड़ रही है, तो सरकार को संसद का विशेष सत्र बुलाकर देश को पूरी जानकारी देनी चाहिए। उनके मुताबिक जनता को भरोसे में लेना जरूरी है और अचानक से ऐसी अपीलें करना कई सवाल खड़े करता है।
Updated on:
11 May 2026 06:27 pm
Published on:
11 May 2026 06:27 pm
