राष्ट्रीय

राजनाथ सिंह ने खोल दिए पुराने राज, बोले- 1948 में सेना के लिए जीप खरीदी गई, पैसा भी दिया, पर एक भी गाड़ी नहीं मिली

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नाटक के कलबुर्गी में कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने 1948 के जीप खरीद मामले की भी याद दिलाई।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 7:38 PM IST
Rajnath Singh
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह। (फोटो- ANI)

कर्नाटक के कलबुर्गी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने 1948 के जीप खरीद मामले से लेकर बोफोर्स, पनडुब्बी और अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे तक का जिक्र कर कांग्रेस के शासनकाल पर सवाल उठाए।

राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में सेना के लिए खरीदे जाने वाले उपकरणों से लेकर सैनिकों के परिवारों के लिए बनाए गए घरों तक में घोटाले हुए।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के इतिहास को याद करने पर ऐसे कई मामले सामने आते हैं, जिनमें देश की सुरक्षा और सैनिकों के हितों को भी नजरअंदाज किया गया।

चुनी हुई सरकारों को भी गिराने का दावा

राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न केवल रक्षा सौदों में गड़बड़ी की, बल्कि चुनी हुई सरकारों और संवैधानिक संस्थाओं के साथ भी मनमाना व्यवहार किया।

जीप को लेकर राजनाथ सिंह ने क्या कहा?

राजनाथ सिंह ने अपने भाषण में 1948 के जीप खरीद मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध चल रहा था। भारतीय सेना को युद्ध के लिए जीपों की जरूरत थी। इसी दौरान कांग्रेस के एक करीबी व्यक्ति ने सेना के लिए जीप खरीदने को लेकर एक कंपनी के साथ सौदा किया। जीपों की खरीद के लिए भुगतान भी कर दिया गया, लेकिन भारतीय सेना को एक भी जीप नहीं मिली।

बोफोर्स से अगस्ता वेस्टलैंड तक गिनाए घोटाले

रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के दौरान बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी खरीद घोटाला और अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदा विवाद सामने आए। उन्होंने आदर्श हाउसिंग सोसायटी घोटाले का भी जिक्र किया।

राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि आदर्श घोटाले में उन घरों को भी नहीं छोड़ा गया, जो देश के लिए अपनी जान देने वाले सैनिकों के परिवारों के लिए बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि सैनिकों के हितों से जुड़े मामलों में भी भ्रष्टाचार के आरोप कांग्रेस सरकारों पर लगे।

इंदिरा गांधी ने 50 बार हटाईं चुनी हुई सरकारें

राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने शासनकाल में 50 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के बाद राजीव गांधी ने भी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और चुनी हुई सरकारों के साथ कठपुतली जैसा व्यवहार किया। इसके लिए उन्होंने 1989 में कर्नाटक की एसआर बोम्मई सरकार को हटाए जाने की घटना का उदाहरण दिया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि उस समय बोम्मई सरकार के पास बहुमत होने के बावजूद उसे बर्खास्त कर दिया गया था। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का रवैया बताया।

Updated on:
25 Nov 2026, 7:38 PM IST
Published on: