राष्ट्रीय

Ranjit Singh Murder Case: राम रहीम सहित 5 आरोपियों को उम्र कैद

Ranjit Singh Murder Case. रंजीत सिंह हत्या मामले में कोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख राम रहीम सहित 5 आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है। वहीं कोर्ट के इस फैसले से रंजीत सिंह के पुत्र जगसीर सिंह काफी खुश हैं।
2 min read
Oct 18, 2021
ram_rahim.Ranjit Singh murder case, Gurmeet Ram Rahim get life imprisonmentjpg
Ranjit Singh murder case, Gurmeet Ram Rahim get life imprisonment

नई दिल्ली। Ranjit Singh Murder Case. डेरा सच्‍चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को आज पंचकूला की एक विशेष अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। बता दें कि कोर्ट ने यह फैसला रंजीत सिंह हत्‍याकांड मामले में दिया है। इस मामले में राम रहीम के साथ 5 अन्य दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही पंचकूला जिले में धारा 144 लागू की गई थी। बता दें कि रंजीत सिंह हत्याकांड मामले में सोमवार को 19 साल बाद फैसला आया है।

जेल में हत्या की सजा काट रहा है राम रहीम
जानकारी के मुताबिक इस मामले में कोर्ट ने गुरमीत राम रहीम को पहले ही दोषी करार दे दिया था, लेकिन कोर्ट ने उनकी सजा का ऐलान आज किया है। वहीं राम रहीम साध्वियों से दुष्कर्म और पत्रकार की हत्या के मामले में पहले से ही जेल में सजा काट रहा है। आज कोर्ट में जज ने करीब 4:30 बजे राम रहीम सहित 5 अन्य आरोपियों की सजा का एलान किया है। इस मामले से जुड़े वकीलों ने मीडिया से यह जानकारी साझा की है।

वकीलों का कहना है कि इस मामले में सीबीआई कोर्ट से गुरमीत राम रहीम को फांसी की सजा देने के मांग कर रही थी, लेकिन अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई। बता दें कि 12 अक्टूबर की सुनवाई के दौरान गुरमीत राम रहीम और कृष्ण लाल के वकील द्वारा बहस पूरी हो चुकी थी। वहीं आज की कार्रवाई के दौरान जसबीर, सबदिल और अवतार के वकील द्वारा भी बहस पूरी कर दी गई है।

इसके बाद रंजीत हत्या मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने पांच आरोपियों को उम्र कैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने गुरमीत राम रहीम पर 31 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। जबकि अन्य 4 आरोपियों पर 50-50 हजार जुर्माना लगाया गया है।

Published on:
18 Oct 2021 05:14 pm