
नई दिल्ली। भगवान राम को लेकर ममता तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कीर्ति आजाद के बयान पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदू धर्म से जुड़े किसी भी विषय पर बाहरी लोगों को टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। इस मामले में उसी धर्म को मानने वाले लोगों को फैसला करना चाहिए।
अल्वी ने मीडिया से बता करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को एक-दूसरे के धर्म और आस्था का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम कीर्ति आजाद की मान्यताओं का सम्मान करते हैं। भगवान राम की पूजा करने वालों का भी सम्मान करते हैं। चाहे वे भाजपा नेता हों, आरिफ मोहम्मद खान हों या कोई अन्य व्यक्ति। हम उनकी आस्था का सम्मान करते हैं। इसी तरह जो लोग किसी की पूजा नहीं करते, उनकी मान्यताओं का भी सम्मान किया जाना चाहिए।
राशिद अल्वी ने कहा कि यह मामला हिंदू धर्म से जुड़ा है और इस पर किसी बाहरी व्यक्ति को किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। इस धर्म को मानने वाले लोगों को ही इस विषय पर फैसला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें उनकी आस्था के साथ-साथ दूसरे धर्मों और मान्यताओं का भी सम्मान करना चाहिए।
वहीं, दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर भी राशिद अल्वी ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार पूरी तरह जिम्मेदार हैं। अल्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे प्रधानमंत्री नहीं थे, तब दिल्ली में प्रदूषण को लेकर काफी बयान देते थे और कहते थे कि सरकार ही शहर की हवा में जहर घोलने के लिए जिम्मेदार है। अब वे प्रधानमंत्री हैं, लेकिन इस साल दिल्ली का AQI पहले से भी ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारों ने पूरी दिल्ली को गैस चैंबर में तब्दील कर दिया है।