
Retired Army Man Murder: खाने को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में आकर पति की छाती में चाकू घोंप दिया। गंभीर चोट लगने से सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी की मौत हो गई। घटना अहमदाबाद के नरोडा इलाके की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले एक साल से घरेलू बातों और पैसों को लेकर अक्सर झगड़े होते थे।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दिलीपभाई सोमाजी खराड़ी के रूप में हुई है। वह नरोडा स्मार्ट सिटी-2 में अपनी पत्नी निर्मला के साथ रहते थे। दिलीपभाई सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (जीएमडीसी) में ठेके पर ड्राइवर की नौकरी कर रहे थे। उनके पिता सोमाजी भी राजकोट में एएसआई के पद पर सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
घटना रात की है। उस समय दिलीपभाई और उनकी पत्नी निर्मला के बीच खाना बनाने को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के बीच इस बात पर विवाद हुआ कि खाने में कौन सी सब्जी बनाई गई है और यह खाना क्यों बनाया गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। गुस्से में आई निर्मला रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू उठा लाई और पति की छाती के बाईं तरफ वार कर दिया।
गंभीर चोट लगने से दिलीपभाई की मौत हो गई। हमले के बाद पत्नी निर्मला ही पति को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई थी, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नरोडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने निर्मला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब एक साल से आए दिन विवाद होते थे। खाने में क्या बनाया है, किस तरह का खाना बना है और पैसों के लेनदेन जैसी बातों पर भी दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। रात भी खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा बन गया। एसीपी वीएन यादव ने बताया कि झगड़े के दौरान गुस्से में आकर निर्मला ने रसोई से चाकू लाकर पति पर हमला किया था। फिलहाल आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच की जा रही है।