RIL AGM 2025: रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने शुकवार को एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि रिलायंस फाउंडेशन मुंबई में 2,000 बेड वाली एक आधुनिक मेडिकल सिटी बना रहा है।
RIL AGM 2025: रिलायंस इंडस्ट्रीज की 48वीं वार्षिक जनरल मीटिंग (AGM) में रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने फाउंडेशन के 15 साल पूरे होने पर अपनी उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने कहा, आत्मनिर्भर भारत की शुरुआत आत्मनिर्भर गांव से होती है। नीता अंबानी ने बताया कि फाउंडेशन की ग्रामीण विकास पहलों ने इस साल 55,000 से अधिक गांवों में 15 लाख लोगों के जीवन को बेहतर बनाया है। ग्रामीण विकास, शिक्षा, और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में फाउंडेशन की पहल देश के कोने-कोने तक पहुंच रही हैं।
नीता अंबानी ने एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि रिलायंस फाउंडेशन मुंबई में 2,000 बेड वाली एक आधुनिक मेडिकल सिटी बना रहा है। इसे देश की सबसे बड़ी निजी स्वास्थ्य परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। उन्होंने कहा, यह सिर्फ एक अस्पताल नहीं, बल्कि हेल्थकेयर इनोवेशन का केंद्र होगा, जहां AI से डायग्नोसिस, उन्नत मेडिकल तकनीक, और विश्वस्तरीय डॉक्टर मिलकर इलाज करेंगे। इस मेडिकल सिटी में एक मेडिकल कॉलेज भी स्थापित होगा, जो भविष्य के स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रशिक्षित करेगा। नीता अंबानी ने इसे भारत के लिए गर्व का विषय बताया।
मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल, जो 10 साल में 33 लाख मरीजों का इलाज कर चुका है, अब ‘जीवन’ नाम से एक नया विंग शुरू कर रहा है। यह विंग कीमोथेरेपी और इम्यूनोथेरेपी के लिए समर्पित होगा, जिसमें बच्चों के कैंसर (पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नीता अंबानी ने कहा, यह विंग बच्चों को विश्वस्तरीय इलाज और मां जैसे स्नेह के साथ स्वस्थ करने के लिए बनाया गया है।
रिलायंस फाउंडेशन की ये पहल भारत की स्वास्थ्य सेवाओं को किफायती और अत्याधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। मेडिकल सिटी और ‘जीवन’ विंग न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाएंगे, बल्कि देश को वैश्विक हेल्थकेयर मानकों की ओर ले जाएंगे।