राष्ट्रीय

अनंत सिंह-आनंद मोहन पर बिहार में सियासत तेज, राजद ने फ्लोर टेस्ट की दिलाई याद, कहा- गलत करने का फल तो मिलता ही है

RJD नेताओं ने अनंत सिंह और आनंद मोहन के मुद्दे पर सत्ताधारी सरकार पर निशाना साधा है। भाई वीरेंद्र ने सवाल उठाया कि इन बाहुबलियों को इतना महत्व क्यों दिया जा रहा है, जबकि MLC सुनील कुमार ने दोनों नेताओं को अवसरवादी बताते हुए सरकार पर राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाया।
3 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 1:49 PM IST
Anant Singh-Anand Mohan
आनंद मोहन और अनंत सिंह (फोटो - Facebook Anant Singh/Friends of Anand)

Anant Singh-Anand Mohan: पूर्व सांसद आनंद मोहन और मोकामा के विधायक अनंत सिंह से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राजद विधायक भाई वीरेंद्र और विधान परिषद सदस्य (MLC) सुनील कुमार सिंह ने इन दोनों बाहुबलियों के मामलों का हवाला देते हुए बिहार सरकार पर निशाना साधा है। RJD के इन दोनों नेताओं ने बिहार विधानसभा में हुए फ्लोर टेस्ट के दौरान हुए उस 'धोखे' को भी याद किया, जब अनंत सिंह की पत्नी और आनंद मोहन के बेटे ने RJD का साथ छोड़कर NDA का समर्थन किया था। RJD नेताओं ने कहा कि गलत काम करने वालों को आखिरकार अपने किए का नतीजा भुगतना ही पड़ता है।

बाहुबलियों को तवज्जो देने से फैलेगी अराजकता - भाई वीरेंद्र

जब पत्रकारों ने अनंत सिंह और आनंद मोहन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और बाहुबलियों'पर कोर्ट की सख्ती के बारे में पूछा, तो RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि यह एक न्यायिक मामला है और सुप्रीम कोर्ट के मामलों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।

बाहुबलियों पर कोर्ट के सख्त रुख से जुड़े सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि मीडिया अक्सर सामाजिक कार्यकर्ताओं या आम राजनीतिक नेताओं की तुलना में बाहुबलियों और अपराधियों को ज्यादा तवज्जो देता है। भाई वीरेंद्र के अनुसार, अगर अपराधियों और बाहुबलियों को बढ़ावा दिया जाएगा, तो देश में अराजकता फैलेगी और जब अराजकता फैलती है, तो सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट को संज्ञान लेना ही पड़ता है।

आनंद मोहन के बिहार दौरे और उनके बेटे चेतन आनंद द्वारा आयोजित बैठक के बारे में भाई वीरेंद्र ने कहा कि राजनीति से जुड़े लोगों को यात्रा करनी चाहिए और बैठकें करना अपने आप में एक सकारात्मक गतिविधि है।

फ्लोर टेस्ट में धोखा देने वालों को मिल रही सजा - भाई वीरेंद्र

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि फ्लोर टेस्ट के दौरान धोखा देने वालों को सजा मिलेगी। इस पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि फ्लोर टेस्ट के समय महागठबंधन के पास बहुमत था। उन्होंने कहा कि जो लोग RJD के टिकट पर चुनाव जीते, लेकिन बाद में पार्टी को धोखा दिया, आज भगवान भी उन्हें अपने किए का फल दे रहे हैं।

भाई वीरेंद्र ने कहा कि कुछ लोगों ने खुद भी दगाबाजी करने की बात स्वीकार भी की है और गलत करने का फल तो मिलता ही है। इसमें कोई शक नहीं कि ईश्वर है। इंसान जैसा बोता है, वैसा ही काटता है।

सरकार फंसाती भी है और बचाती भी है - सुनील कुमार

RJD MLC सुनील कुमार ने भी आनंद मोहन और अनंत सिंह के मामलों को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में यह बात जगजाहिर है कि सरकार अपनी जरूरत के हिसाब से लोगों को फंसाती है या फिर उन्हें बचा लेती है। अनंत सिंह और आनंद मोहन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब सरकार को उनकी जरूरत थी, तब उन्हें जेल से बाहर निकाल लिया गया और काम निकल जाने के बाद उन्हें किनारे कर दिया गया।

सुनील कुमार ने बताया कि राजनीतिक रूप से मुश्किल दौर में तेजस्वी यादव ने आनंद मोहन के परिवार को पार्टी टिकट देकर उनका साथ दिया था। RJD ने आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद और उनके बेटे चेतन आनंद को चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन फ्लोर टेस्ट के दौरान उन्होंने पार्टी का साथ नहीं दिया।

आनंद मोहन पर साधा निशाना

RJD MLC ने आनंद मोहन पर बार-बार अपनी राजनीतिक निष्ठा बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि समय के साथ आनंद मोहन कभी JDU, कभी RJD और कभी अपनी पार्टी के साथ रहे हैं। सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि आनंद मोहन ने अपने या अपने परिवार के राजनीतिक फायदे के लिए बार-बार राजनीतिक दल बदले हैं, जबकि उन्होंने अपने समुदाय के हितों पर कभी ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आनंद मोहन को इस बात पर विचार करना चाहिए कि राजनीतिक फैसले लेते समय उन्होंने कितनी बार अपने समुदाय की राय ली है।

चेतन आनंद द्वारा बुलाई गई बैठक और आनंद मोहन के पूरे बिहार के दौरे की घोषणा पर सुनील कुमार ने कहा कि ये उनके निजी फैसले हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बैठक करनी चाहिए और पूरे बिहार का दौरा भी करना चाहिए। हालांकि, उन्होंने आनंद मोहन से आग्रह किया कि वे समुदाय की भलाई के लिए काम करने पर ध्यान दें और भविष्य में कोई भी राजनीतिक फैसला लेने से पहले समुदाय से सलाह जरूर लें।

Updated on:
27 Nov 2026, 1:49 PM IST
Published on:
Also Read
View All
155 करोड़ के घोटाले में आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को सुप्रीम कोर्ट से मिली 3 हफ्ते की अंतरिम जमानत

Maharashtra politics: सोलापुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक चुनाव में भाजपा का एकतरफा कब्जा, 19 में से 18 सीटें जीतीं

पाकिस्तान में आतंकी संगठनों को ‘मुख्यधारा’ में लाने की कोशिश? मुनीर के समर्थन में उतरे लश्कर और जैश के चेहरे

BJP SAD Alliance: मोदी कैबिनेट में होगी हरसिमरत कौर की वापसी? BJP-अकाली गठबंधन के बाद अटकलें तेज

Udhayanidhi Stalin Birthday: कभी हाथ में ईंट लेकर चुनाव प्रचार में निकले थे उदयनिधि स्टालिन, जानिए इस एक ईंट ने कैसे मचा दिया था तमिलनाडु की राजनीति में बवाल