सिंगला को 155 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी ठहराया गया है। मामले की शुरुआत 2018 में सीबीआई (CBI) की एफआईआर से हुई थी। ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स (जिसका अब पंजाब नेशनल बैंक में विलय हो गया है) के अधिकारी की शिकायत पर महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों पर आरोप लगा कि कंपनी ने विदेशी साख पत्रों को धोखाधड़ी से बढ़ाया। मूल मूल्य करीब 21.47 करोड़ रुपये के इन विदेशी साख पत्रों को अनधिकृत SWIFT संदेशों के ज़रिए बढ़ाकर 173 करोड़ रुपये से ज़्यादा कर दिया गया। बैंक के फिनेकल सिस्टम में इसकी कोई एंट्री नहीं थी। फर्जी आयात दस्तावेजों (बिल ऑफ एंट्री, बिल ऑफ लेडिंग आदि) का इस्तेमाल कर रकम सिंगापुर स्थित सहायक कंपनी में ट्रांसफर की गई। इससे बैंक और कंसोर्टियम को 155.21 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। ईडी (ED) की जांच में सिंगला की भूमिका सामने आई। वः मुख्य आरोपी अशोक कुमार मित्तल (मामा) और रमन सिंगला (भाई) से करीबी रूप से जुड़े थे। उन्होंने संबंधित कंपनियों में प्रमुख प्रबंधकीय पद संभाले थे। एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने अपराध की आय को छिपाने, लेयरिंग करने और अपने व्यक्तिगत खातों तथा जुड़ी इकाइयों के जरिए रूट करने में मदद की। कुछ रकम उनके खातों में भी रखी गई। सिंगला की ओर से कहा गया कि वह मूल लेन-देन से अनजान थे और सिर्फ संबंधों के आधार पर गिरफ्तार किए गए, लेकिन ईडी ने उन्हें साजिश का हिस्सा बताया।