राष्ट्रीय

‘बगावत ही सही…’ बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शुरू हुआ सियासी बवाल, RK सिंह के बयान ने मचाई खलबली

बीजेपी के पूर्व सांसद आरके सिंह ने अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि मेरी बातों को अगर बगावत माना जाए तो बागवत ही सही। उधर, कांग्रेस सांसद के पोस्ट को लपकते हुए भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा।
less than 1 minute read
Sep 24, 2025
आरके सिंह
आरके सिंह (फोटो-फ़ेसबुक)

पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह (RK Singh) ने अपनी ही पार्टी भाजपा (BJP) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सिंह ने कहा कि जनसुराज नेता प्रशांत किशोर ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ऐसे में सम्राट चौधरी को अपनी डिग्री सार्वजनिक करनी चाहिए। साथ ही, अन्य आरोपों का जवाब देना चाहिए।

आरके सिंह ने कहा कि अगर उनकी सच्ची बातों को बगावत माना जाए तो बगावत सही है और पार्टी हित में बोलना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी और दिलीप जायसवाल को जवाब देना चाहिए और अगर उनके पास जवाब नहीं है तो इस्तीफा देना चाहिए।

कांग्रेस सांसद के पोस्ट को लेकर राहुल पर निशाना

इधर, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने एशियाई देशों में मची उथल-पुथल को लेकर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट को लपकते हुए भाजपा ने राहुल गांधी को सबसे बड़ा 'नेपो किड' बताते हुए हमला कर दिया है।

क्या था पोस्ट ?

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि जनरेशन एक्स, वाय और जेड को किसी भी विशेषाधिकार का लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने जुलाई 2023 से सितंबर 2025 तक दक्षिण और पूर्वी एशिया में नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों का उदाहरण देते हुए बताया कि सोशल मीडिया ट्रेंड्स ने वंशवाद को चुनौती दी है।

भाजपा ने तिवारी के इस बयान को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जोड़ दिया। भाजपा आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि जी-23 बागी गुट के सदस्य व वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी भारतीय राजनीति के सबसे बड़े ‘नेपो किड’ राहुल गांधी पर निशाना साध रहे हैं। तिवारी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इस बहस को कांग्रेस और भाजपा के राजनीतिक झगड़े तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि क्षेत्रीय घटनाओं और उनके राष्ट्रीय सुरक्षा पर प्रभाव पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

Updated on:
24 Sept 2025 09:08 am
Published on:
24 Sept 2025 09:08 am