
Rohit Pawar: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार ने सांसद सुप्रिया सुले को चिट्ठी लिखकर डिलिमिटेशन विधेयक का विरोध करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक का समर्थन करना पार्टी की विचारधारा और संविधान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता के खिलाफ होगा। रोहित पवार ने सुप्रिया सुले से मांग की कि वे संसद में विधेयक के विरोध में मतदान करें और अपनी स्थिति आज ही स्पष्ट करें। उन्होंने यह भी कहा कि शरद पवार की खराब तबीयत के बीच लिए जा रहे फैसलों से उनके छह दशक के राजनीतिक जीवन और विचारधारा पर कोई दाग नहीं लगना चाहिए।
रोहित पवार ने अपनी चिट्ठी में लिखा कि शरद पवार फिलहाल खराब स्वास्थ्य के कारण किसी नीतिगत फैसले की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में डिलिमिटेशन विधेयक को समर्थन देने की चर्चाओं से महाराष्ट्र के विचारों को मानने वाले लोगों और पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि शरद पवार जल्द स्वस्थ होंगे, लेकिन इस मुश्किल समय में पार्टी को ऐसा कोई फैसला नहीं करना चाहिए, जिससे उनकी राजनीतिक विरासत प्रभावित हो।
रोहित पवार ने विधेयक पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह 2011 की जनगणना के आधार पर लोकसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन की बात करता है। इससे अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाएगा। उनका कहना है कि इसका नुकसान अगले 25 साल तक उठाना पड़ सकता है। उन्होंने तर्क दिया कि नई जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उसके आंकड़ों के आधार पर 2027 में संवैधानिक तरीके से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया जा सकता है। ऐसे में भाजपा इस विधेयक को लेकर इतनी जल्दबाजी क्यों कर रही है?
उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक फायदे के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। रोहित पवार ने असम में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा की मंशा पर भरोसा करना मुश्किल है। उन्होंने सवाल किया कि अगर भाजपा लोकतंत्र और संविधान के प्रति गंभीर है तो निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन समिति का अध्यक्ष विपक्ष के नेता को बनाने में उसे क्या परेशानी है?
रोहित पवार ने महिला आरक्षण और डिलिमिटेशन विधेयक को एक साथ जोड़ने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि संसद 2023 में ही महिला आरक्षण विधेयक पारित कर चुकी है और उनकी पार्टी ने भी इसका समर्थन किया था। ऐसे में महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन विधेयक को जरूरी बताने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का संविधान बदलने का एजेंडा अब भी कायम है और परिसीमन के जरिए अपने राजनीतिक फायदे के निर्वाचन क्षेत्र बनाने की कोशिश की जा रही है।
रोहित पवार ने चिट्ठी में पार्टी के उन नेताओं पर भी निशाना साधा, जो सत्ता के साथ जाने के पक्ष में हैं या इसके लिए दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्हें पार्टी छोड़कर जाना है, वे जा सकते हैं, लेकिन दबाव में आकर संविधान के खिलाफ कोई फैसला नहीं होना चाहिए। पार्टी के फैसलों में केवल सांसदों और विधायकों की राय ही नहीं, बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और मतदाताओं की भावनाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता शरद पवार से प्रेम करती है और पार्टी अगर जनता के मुद्दों पर मजबूती से खड़ी होती है तो लोग भी उसके साथ आएंगे। रोहित पवार के अनुसार, आज राजनीति में सत्ता और पैसा प्रमुख हो गए हैं, जबकि आम जनता के मुद्दे पीछे छूट रहे हैं।
रोहित पवार ने सुप्रिया सुले से कहा कि वे दबाव में आए बिना साहस दिखाएं और डिलिमिटेशन विधेयक के खिलाफ मतदान करें। उन्होंने अपील की कि सुप्रिया सुले आज ही सार्वजनिक रूप से विधेयक के विरोध में अपनी स्थिति स्पष्ट करें, ताकि शरद पवार के समर्थकों और पार्टी के कार्यकर्ताओं को भरोसा मिल सके। चिट्ठी में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर भाजपा के एक करीबी नेता की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन वह सामने नहीं आ रहा है और सुप्रिया सुले का चेहरा आगे किया जा रहा है। इससे उनकी छवि प्रभावित हो रही है। अंत में रोहित पवार ने कहा कि सुप्रिया सुले पर भी दबाव हो सकता है, लेकिन उन्हें दबाव को दरकिनार कर शरद पवार की विचारधारा का साथ देना चाहिए। उनका कहना है कि सुप्रिया सुले का एक फैसला शरद पवार के विचारों का सम्मान करने के साथ महाराष्ट्र के स्वाभिमान को भी मजबूती देगा।