राष्ट्रीय

सचिन पायलट का बीजेपी पर हमला, बोले- पाकिस्तान से नशा आता रहा, 12 साल से क्या कर रही केंद्र सरकार?

Sachin Pilot Punjab Drug Crisis: पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने राज्य में बढ़ते नशे, अपराध और हथियार संस्कृति को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब के लोग अब कांग्रेस से बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं।
2 min read
Sachin Pilot Punjab drug crisis
पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट (Photo-IANS)

Punjab Politics: पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने राज्य में नशे की समस्या को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नशे का संकट पंजाब के भविष्य के लिए खतरा बन गया है और अब लोग कांग्रेस से उम्मीद लगाए हुए हैं। कांग्रेस नेता पायलट ने कहा कि नशे का संकट ऐसी स्थिति बन गया है, जो पंजाब के भविष्य के लिए खतरा पैदा कर रहा है। 

सचिन पायलट ने कहा कि जबरन वसूली के गिरोह, अवैध हथियार, गोलीबारी, बंदूक संस्कृति, भीड़ की हिंसा और खुलेआम दिनदहाड़े लगातार होने वाली फायरिंग, ये सब उस स्थिति का परिणाम हैं, जिसमें नशे का पैसा समाज के तमाम असामाजिक तत्वों तक पहुंच गया है। इस पूरे नेटवर्क को नियंत्रित करने वाले लोगों को सत्ता में बैठे लोगों का संरक्षण प्राप्त है।

बीजेपी पर लगाया दोहरे मापदंड का आरोप

सचिन पायलट ने बीजेपी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी स्पष्ट रूप से दोहरे मापदंड अपना रही है। 12 साल से वे दिल्ली में सत्ता में है। पूरी सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय की है। जब पाकिस्तान से भारत में लगातार नशा आ रहा था, तब वे 12 साल से क्या कर रहे है?

उन्होंने कहा कि जब यह नशा पंजाब की सीमा तक पहुंच गया, तो इसके बाद साढ़े चार साल से आम आदमी पार्टी की सरकार है। सीमा से लेकर हर गांव के कोने-कोने तक अब नशे की सप्लाई आसानी से उपलब्ध है।

पायलट ने कहा कि यह ऐसी संस्कृति है, जिसके खिलाफ हमें लड़ना होगा। मुझे लगता है कि बीजेपी और आम आदमी पार्टी दोनों पूरी तरह बेनकाब हो चुकी हैं।

सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों का काम करने का एक प्रमाणित रिकॉर्ड रहा है- चाहे वह कृषि का क्षेत्र हो, हरित क्रांति हो, श्वेत क्रांति हो या आतंकवाद से लड़ाई। इसलिए मुझे लगता है कि पंजाब के लोग अब अपनी जिंदगी बेहतर बनाने के लिए कांग्रेस से उम्मीद और एक मौका मिलने की संभावना देख रहे हैं।

बता दें कि पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस ने पार्टी की गुटबाजी और अंदरूनी कलह को समाप्त करने के लिए सचिन पायलट को प्रभारी बनाया है। 

Updated on:
21 Sept 2026 06:00 pm
Published on:
21 Sept 2026 05:19 pm