संबलपुर में हुई हिंसा के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने अविभाजित कोरापुट जिलों सहित 14 पश्चिमी ओडिशा जिलों (15 संगठनात्मक जिलों) में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। भाजपा, बजरंग दल और कुछ अन्य राजनीतिक संगठनों ने बंद का समर्थन किया।
ओडिशा के संबलपुर में हनुमान जयंती जुलूस में भड़की हिंसा के विरोध में विश्व हिंदू परिषद ने बुधवार को 14 जिलों में बंद का आह्वान किया है। यह बंद बुधवार सुबह छह बजे शुरू होकर और शाम छह बजे तक चलेगा। इन 14 जिलों में दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई क्योंकि विहिप और बजरंग दल के सदस्य विभिन्न शहरों में सड़कों और चौराहों पर धरना दे रहे हैं। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, दमकल वाहनों को बंद के दायरे से बाहर रखा गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावित जिलों में पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं। दोपहर तक 14 जिलों में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
विश्व हिंदू परिषद के बंद का पड़ा असर
विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर बंद का असर संबलपुर, देवगढ़, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, बोलांगीर, सोनपुर, बारगढ़, बौध, कालाहांडी, नुआपाड़ा, कोरापुट, नबरंगपुर, मल्कानगिरी और रायगड़ा जिलों में पड़ा है।
संबलपुर में हुई हिंसा के विरोध में बंद किया - विहिप
विहिप की पश्चिम प्रांत शाखा के सचिव कमलाकांत बिस्वाल ने कहा कि 'विहिप संबलपुर में हुई हिंसा के विरोध में बंद करेगी। मैं लोगों से आज सभी व्यवसायों और कार्यालयों को बंद करके हमारा समर्थन करने का अनुरोध करता हूं। भाजपा ने भी बंद को अपना समर्थन दिया है।
विहिप बंद का भाजपा का समर्थन, बीजद का विरोध
राज्य भाजपा प्रमुख मनमोहन सामल ने कहा कि, हम हिंसा के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए विहिप की ओर से बुलाए गए बंद का समर्थन कर रहे हैं। जिससे ऐसी घटना फिर कभी न हो। सरकार को जनता के एक विशेष वर्ग को खुश करने के लिए निर्दोष लोगों को गिरफ्तार करना बंद करना चाहिए। वहीं, बीजू जनता दल ने इसे 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया है।
संबलपुर में गुरुवार सुबह 10 बजे तक बंद रहेंगी इंटरनेट सेवाएं
संबलपुर जिला प्रशासन ने कर्फ्यू में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक ढील दी है। राज्य सरकार ने संबलपुर जिले में इंटरनेट सेवाएं एक और दिन निलंबित रखने का आदेश जारी किया है। अब ये सेवाएं गुरुवार को सुबह 10 बजे तक बंद रहेंगी।