
Indian Politics: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी और शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत पर तीखे जबुानी हमले किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजयदशमी पर दिए गए भाषण का मतलब बताते हुए दोनों नेताओं को देश का दुश्मन कहा है।
संबित पात्रा ने कहा कि विदेश जाकर भारत की चुनी हुई सरकार गिराने के तरीके सीखने वाले लोग देश के दुश्मन हैं। संबित पात्रा ने संजय राउत पर अल्बानिया की संसद में आग लगने की तस्वीरें दिखाकर भारत में भी ऐसी घटनाओं की बात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विजयादशमी के मौके पर स्पष्ट बताया था कि देश के दुश्मन कौन हैं। पीएम मोदी ने कहा था कि जो देश के सम्मान और स्वाभिमान को नुकसान पहुंचाते हैं, जो देश को बांटने की साजिश रचते हैं और जो हमारी संस्कृति से नफरत करते हैं वे लोग भारत के असली दुश्मन हैं। पात्रा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेश जाकर वहां की ताकतों से सीखते हैं कि भारत की चुनी हुई सरकार को कैसे गिराया जाए और देश में हिंसा कैसे भड़काई जाए।
संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि संजय राउत ने अल्बानिया की जलती संसद की तस्वीरें दिखाई। संबित के मुताबिक, उन्होंने इशारा किया कि भारत में भी कुछ ऐसा ही होना चाहिए। राउत ने सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और संसद में आग लगाने जैसी बात कही। उन्होंने यह भी दावा किया कि राउत ने राहुल गांधी के विदेश दौरे का जिक्र करते हुए कहा था कि उनके लौटने के बाद देखना क्या होता है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राउत का इन तस्वीरों को दिखाना यह सिद्ध करता है कि वे भारत में भी कुछ ऐसा ही करने की सोच रखते हैं। आगे उन्होंने कहा कि जो लोग संसद में आग लगाने, चुनावों में रुकावट डालने और देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की सोच रखते हैं, उन्हें देश का दुश्मन माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक कट्टरता के नाम पर भारत में सत्ता परिवर्तन की बात करने वाले भी इसी श्रेणी में आते हैं।