राष्ट्रीय

‘ये ग्रामीण नहीं भाजपा के गुंडे थे’, CJP कार्यकर्ताओं पर हमले के बाद भड़के सौरभ दास

Saurabh Das tweet Police Rajasthan: जयपुर में जर्जर स्कूल का ऑडिट करने पहुंची CJP टीम पर हमले के बाद सौरभ दास ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हमला करने वाले ग्रामीण नहीं बल्कि भाजपा के गुंडे थे।
2 min read
Aug 21, 2026
Saurabh Das CJP statement
CJP कार्यकर्ताओं पर हमले के बाद भड़के सौरभ दास, फोटो सोर्स- एक्स ( @AshutoshRanka )

Saurabh Das CJP statement: राजस्थान में स्कूलों की बदहाल स्थिति की समीक्षा और ऑडिट करने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम पर हुए हमले के बाद विवाद गहरा गया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने इस घटना पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि टीम पर हमला करने वाले स्थानीय ग्रामीण नहीं, बल्कि भाजपा द्वारा भेजे गए बाहरी गुंडे थे।

यह पूरी घटना जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव की है, जहां CJP की टीम एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची थी। आरोप है कि यह स्कूल पिछले करीब एक साल से जर्जर हालत में मौजूद भैंस के तबेले से संचालित किया जा रहा है। टीम जब स्कूल की स्थिति का जायजा लेने और इसकी हकीकत सामने लाने पहुंची, तभी वहां अचानक भीड़ ने CJP कार्यकर्ताओं पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की गई, जिसमें कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। CJP नेता सौरभ दास और अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान राजस्थान पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन उपद्रव कर रहे लोगों के खिलाफ तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

सौरभ दास ने खड़े किए गंभीर सवाल

CJP प्रवक्ता ने राजस्थान पुलिस (@PoliceRajasthan) को टैग करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि 'ये स्थानीय ग्रामीण नहीं थे, बल्कि स्कूल ऑडिट को रोकने के लिए भाजपा द्वारा भेजे गए बाहरी गुंडे थे। आखिर वे बच्चों को मिलने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से इतनी नफरत क्यों करते हैं? यह बेहद निराशाजनक है। राजस्थान पुलिस को इन असामाजिक तत्वों को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए। ऐसी कायराना हरकतों से हमारा हौसला टूटेगा नहीं, बल्कि हमारी लड़ाई और मजबूत होगी।'

'स्कूल ठीक करो' अभियान जारी रहेगा

CJP की ओर से साफ किया गया है कि वे ऐसी धमकियों और हमलों से पीछे हटने वाले नहीं हैं। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे की बदहाली को उजागर करने के लिए चलाया जा रहा 'स्कूल ठीक करो' अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Updated on:
21 Aug 2026 02:06 pm
Published on:
21 Aug 2026 02:06 pm