
Saurav Das: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास की विदेश यात्रा से जुड़ा विवाद बढ़ गया है। चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने उनके पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्हें सात दिन के भीतर जवाब देने और संबंधित दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया है। अब इस मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जवाब दाखिल करने तक सौरव दास को अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।
रणधीर जायसवाल के मुताबिक, चेन्नई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को सौरव दास को नोटिस जारी किया था। यह कार्रवाई कानून लागू करने वाली एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर की गई है। पासपोर्ट कार्यालय ने दास से उनके जन्मस्थान के बारे में सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्हें अपने जवाब के समर्थन में जरूरी दस्तावेज भी देने होंगे। अधिकारियों के मुताबिक, पासपोर्ट आवेदन में सही जानकारी देना अनिवार्य है। अगर किसी व्यक्ति की ओर से तथ्य छिपाने या गलत जानकारी देने की बात सामने आती है तो पासपोर्ट कार्यालय उससे जवाब मांग सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों को सौरव दास के आधार कार्ड, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों में जन्म से जुड़ी जानकारियों में अंतर मिला है। कुछ रिपोर्टों में जन्मतिथि और पिता के नाम से जुड़ी विसंगतियों का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, इन जानकारियों पर अंतिम निर्णय संबंधित डाक्यूमेंट्स की जांच के बाद ही होगा।
दरअसल, सौरव दास ने दावा किया था कि उन्हें दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था। वह 24 नवंबर की रात करीब 1 बजे की फ्लाइट से ब्रिटेन जाने वाले थे। दास के मुताबिक, इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग किया गया है। वह ब्रिटेन में 'कॉकरोच मूवमेंट' पर एक पैनल चर्चा में शामिल होने जा रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन की ओर से किया गया था।