राष्ट्रीय

School Holiday: नवंबर महीने में होंगे स्कूली बच्चों के मजे, इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल, देखें पूरी लिस्ट

नवंबर 2025 में स्कूली बच्चों को गुरु नानक जयंती, दो चरणों के बिहार चुनाव, उत्तराखंड और झारखंड स्थापना दिवस, और गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और राज्य-स्तरीय अवसरों के कारण कई छुट्टियां मिलेंगी।

3 min read
Nov 06, 2025
नवंबर 2025 में स्कूल की छुट्टियां (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दशहरा और दिवाली के कारण अक्टूबर में स्कूली बच्चों को लंबी छुट्टियों का मौका मिला था। अब नवंबर में भी कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं, महान नेताओं की जयंती (जन्मदिन), और सांस्कृतिक त्योहारों के चलते कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय छुट्टियां रहने वाली हैं। आइए जानते हैं इस महीने साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा किस राज्य में कितने दिन स्कूल बंद रहेंगे।

ये भी पढ़ें

दिल्ली की हवा बनी जहर, बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों ने उठाए यह जरूरी कदम

5 नवंबर 2025: गुरु नानक जयंती (गुरु पूरब)

5 नवंबर को गुरु नानक जयंती (गुरु पूरब) के अवसर पर देश के कई राज्यों में स्कूल बंद रहे। गुरु पूरब के नाम से मनाए जाने वाले इस दिन पर सिख धर्म के संस्थापक, गुरु नानक देव का जन्म हुआ था। यह सिख समुदाय के लिए सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक त्योहारों में से एक है। पंजाब के साथ-साथ देश के अन्य कई राज्यों में भी इसे बहुत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है और इस दिन स्कूलों में छुट्टी रहती है। इस साल भी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में गुरु पूरब के दिन अवकाश था।

6 नवंबर 2025: गंगा स्नान और चुनाव अवकाश

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गंगा स्नान को देखते हुए 6 नवंबर को स्कूल बंद रहने वाले हैं। इसके अलावा, बिहार में 6 नवंबर को पहले चरण के वोट डाले जाने हैं। मतदान को सुगमता से पूरा करने और लोगों को वोट डालने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु राज्य सरकार ने इस दिन छुट्टी का ऐलान किया है। 6 नवंबर को उत्तर और दक्षिण बिहार की 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा उत्तर पूर्वी राज्य मेघालय में प्रसिद्ध नॉग्रेम डांस फेस्टिवल के चलते राज्य इस दिन कई जिलों में स्कूल बंद रहेंगे।

9 नवंबर 2025: उत्तराखंड स्थापना दिवस

9 नवंबर को उत्तराखंड स्थापना दिवस है, जिसके अवसर पर राज्य में स्कूल बंद रहेंगे। इस दिन देव भूमि के नाम से जाने जाने वाले उत्तराखंड राज्य का गठन किया गया था। 9 नवंबर, 2000 को उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश से अलग करके एक नए राज्य के रूप में बनाया गया था। यह दिन राज्य की अद्वितीय संस्कृति और प्राकृतिक विरासत का जश्न मनाने का अवसर होता है। इस अवसर पर कई तरह के कार्यक्रमों और सार्वजनिक समारोहों का आयोजन किया जाता है।

11 नवंबर 2025: बिहार में दूसरे चरण का मतदान

11 नवंबर को बिहार राज्य में दूसरे चरण की वोटिंग होगी, जिसके चलते कई जिलों में स्कूल बंद रहेंगे। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135 (ख) के तहत सभी काम करने वाले लोगों को मतदान के दिन सवैतनिक छुट्टी लेने का अधिकार है। सरकारी के साथ-साथ गैर-सरकारी संस्थानों के कर्मचारियों को भी यह अधिकार है। इसी के तहत बिहार में 11 तारीख को स्कूल और अन्य दफ्तरों की छुट्टी रहेगी।

14 नवंबर 2025: बाल दिवस

भारत में 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन बच्चों के प्रिय, भारत के पहले प्रधानमंत्री, पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे, क्योंकि उन्हें बच्चों से बहुत लगाव था। इस दिन स्कूलों में छुट्टी नहीं होती है बल्कि देश के सभी स्कूलों में इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, और नियमित कक्षाओं का आयोजन नहीं होता है।

15 नवंबर 2025: झारखंड स्थापना दिवस

15 नवंबर, 2000 को बिहार पुनर्गठन अधिनियम के तहत झारखंड को भारत का 28वां राज्य बनाया गया था। इसलिए इस दिन को झारखंड स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती के साथ मेल खाता है, और पूरे राज्य में गर्व और उत्साह के साथ मनाया जाता है। झारखंड में इस दिन स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद रहते हैं।

24 नवंबर 2025: श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस

इस दिन को श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के अन्य कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टी रहेगी। यह दिन सिखों के नौवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए होता है। उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार को बनाए रखने के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया था। इस दिन, सभी गुरुद्वारों में अरदास, कीर्तन, और उन्हें याद करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

Published on:
06 Nov 2025 09:00 am
Also Read
View All

अगली खबर