
Sharad Pawar Vote Chori SIR Issue: राजनीति में चुनावी पारदर्शिता और मतदाता सूची का मामला फिर से संसद में गर्म होने जा रहा है। महाराष्ट्र के दिग्गज शरद पवार से मुलाकात के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने साफ संकेत दिए कि संसद के अगले सत्र में वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ा हंगामा हो सकता है। उनके बयान से विपक्ष की रणनीति और राजनीति में फिर से चर्चा तेज हो गई है।
मुंबई में शुक्रवार को संजय सिंह ने शरद पवार से मुलाकात की। दरअसल, वह पवार का हालचाल जानने पहुंचे थे, लेकिन बातचीत राजनीतिक मुद्दों तक जा पहुंची। पवार ने संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर बातें कीं और दिल्ली में वोटरों के नाम काटने और वोट चोरी के आरोपों पर भी संजय सिंह से चर्चा की।
संजय सिंह ने बताया कि मुलाकात के दौरान महाराष्ट्र की राजनीति और विधान परिषद चुनाव के नतीजों पर भी बातचीत हुई। उन्होंने ये भी कहा कि वो पवार के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं और उम्मीद जताई कि पवार आगे भी पहले की ही तरह राजनीतिक सक्रियता बनाए रखेंगे।
जहां तक दोनों गुटों शरद पवार और अजित पवार के रिटयूनियन या विलय की बात है, उस पर संजय सिंह ने सीधा जवाब नहीं दिया। उनका कहना है कि इस मुलाकात में दोनों दलों के एक साथ आने पर कोई चर्चा नहीं हुई, तो उस पर कुछ कहने का सवाल ही नहीं उठता।
महाराष्ट्र की सत्ता में शरद पवार की भूमिका को लेकर चल रही अटकलों पर संजय सिंह ने कहा कि पवार हमेशा भाजपा के खिलाफ मुखर रहे हैं। ऐसे में उन्हें नहीं लगता कि शरद पवार भाजपा की अगुवाई वाली सरकार का हिस्सा बनेंगे।
संजय सिंह ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर भी सरकार को घेरा। उनका कहना है कि एनडीए के पास परिसीमन विधेयक पारित कराने योग्य दो-तिहाई बहुमत नहीं है। महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि मौजूदा सीटों के आधार पर भी कानून लागू किया जा सकता है, बस संवैधानिक नियमों का पालन होना चाहिए।
उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन को लेकर सिंह का कहना है कि ये फैसला दोनों नेताओं का है, असली असर तो 2027 के विधानसभा चुनाव नतीजों में ही दिखेगा।
अंत में, योगी सरकार पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने स्वास्थ्य, शिक्षा और राम मंदिर चंदा घोटाले जैसे मुद्दे उठाए। उनका कहना है कि सरकार कई क्षेत्रों में फेल हुई है और जनता चुनाव में इसका जवाब देगी।