राष्ट्रीय

आडवाणी की तारीफ पर थरूर के खिलाफ हुई कांग्रेस तो भाजपा ने थामा हाथ, नाजी से कर दी इंदिरा की तुलना

बीजेपी प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने लालकृष्ण आडवाणी की तारीफ करने पर शशि थरूर के खिलाफ कांग्रेस की प्रतिक्रिया को 'इंदिरा नाज़ी कांग्रेस' की असहिष्णुता बताया, जबकि कांग्रेस ने थरूर के बयान को उनकी व्यक्तिगत राय कहकर इससे खुद को अलग कर लिया।
2 min read
Nov 10, 2025
Shashi Tharoor and Lal Krishna Advani
शशि थरूर और लाल कृष्ण आडवाणी (फोटो- शशि थरुर एक्स पोस्ट)

कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में छाए हुए है। लंबे समय से कांग्रेस का हिस्सा रहे थरूर इन दिनों अपनी मोदी समर्थक विचारधारा के लिए अक्सर चर्चाओं में बने रहते है। हाल ही में उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की तारीफ की है जिसके बाद एक बार फिर राजनीतिक दुनिया में हलचल मच गई है। थरूर ने आडवाणी के जन्मदिन के मौके पर उनकी तारीफ करते हुए एक पोस्ट शेयर किया था जिसके बाद कांग्रेस ने खुद को थरूर के इस बयान से अलग कर लिया था। जिसके बाद अब बीजेपी की इस पर प्रतिक्रिया सामने आई है। थरूर के इस बयान ने एक बार फिर बीजेपी को कांग्रेस पर हमला करने का मौका दे दिया है।

शहज़ाद पूनावाला ने इंदिरा को बताया नाजी

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने सोमवार को इस मामले पर बात करते हुए कहा, कांग्रेस पार्टी को अपना नाम 'इंडियन नेशनल कांग्रेस' से बदलकर 'इंदिरा नाज़ी कांग्रेस' कर देना चाहिए, क्योंकि यह इंदिरा गांधी की इमरजेंसी वाली मानसिकता और नाज़ी जैसा बर्ताव है। पूनावाला ने इस मामले पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया को असहिष्णु बताते हुए कहा कि, कांग्रेस की यह प्रतिक्रिया इसलिए आई क्योंकि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भारत रत्न लाल कृष्ण आडवाणी को उनके जन्मदिन पर एक राजनीतिक रूप से सही शुभकामना दी थी। ये ऐसे राजनीतिक शिष्टाचार हैं जो सार्वजनिक जीवन में बनाए रखे जाते हैं।

कांग्रेस को अपने सांसदों का राजनीतिक शिष्टाचार दिखाना पंसद नहीं

पूनावाला ने आगे कहा, इसके लिए कांग्रेस ने शशि थरूर के खिलाफ़ एक तरह का फतवा जारी कर दिया है। यह कांग्रेस की असहिष्णुता को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा, यह पहली बार नहीं हुआ है, और कांग्रेस पार्टी अपने ही सांसद द्वारा राजनीतिक शिष्टाचार दिखाने को भी बर्दाश्त नहीं कर सकती। उल्लेखनीय है कि थरूर इन दिनों कई बार अपनी पार्टी के खिलाफ जाकर पीएम मोदी और उनकी सरकार की नीतियों की तारीफ कर चुके है। इसे लेकर हमेशा उन्हें कांग्रेस के विरोध का सामना करना पड़ता है, जबकि भाजपा ने हमेशा थरूर के इन बयानों का समर्थन किया है।

आडवाणी के जन्मदिन के मौके पर थरूर ने शेयर किया था खास पोस्ट

इसी कड़ी में शनिवार को थरूर ने आडवाणी के जन्मदिन के मौके पर एक्स पर एक खास पोस्ट शेयर किया था। थरूर ने आडवाणी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, आदरणीय लाल कृष्ण आडवाणी को 98वें जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाए। जन सेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण, उनकी विनम्रता और शालीनता, और आधुनिक भारत की दिशा तय करने में उनकी भूमिका अमिट है। वह एक सच्चे राजनेता हैं, जिनका सेवा-भरा जीवन हम सबके लिए एक मिसाल है।

कांग्रेस ने खुद को कर लिया था बयान से अलग

थरूर का यह बयान सामने आने के बाद कांग्रेस ने पार्टी को उनके इस बयान से अलग करते हुए यह कहा था कि यह थरूर की व्यक्तिगत सोच है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था, हमेशा की तरह, शशि थरूर अपनी बात खुद ही कह रहे हैं और कांग्रेस उनके हालिया बयान से पूरी तरह अलग है। कांग्रेस सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य के रूप में उनका ऐसा कहना, कांग्रेस की विशिष्ट लोकतांत्रिक और उदारवादी भावना को दर्शाता है।

Updated on:
10 Nov 2025 04:27 pm
Published on:
10 Nov 2025 04:27 pm