राष्ट्रीय

केरल की राजनीति में आखिर किस बात से परेशान हैं शशि थरूर? बयान में अपनी ही पार्टी के नेताओं को दे गए बड़ी नसीहत

Shashi Tharoor Latest Statment: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केरल की आर्थिक हालत पर चिंता जताते हुए पिछली एलडीएफ सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं को राजनीतिक विवाद छोड़कर विकास और निवेश पर ध्यान देने की सलाह दी।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 1:37 PM IST
Kerala Politics
शशि थरूर ने केरल के विकास पर जोर देते हुए राजनीतिक विवादों से दूर रहने की सलाह दी। (फोटो सोर्स-IANS)

Kerala Politics: कांग्रेस सांसद शशि थरूर केरल की राजनीति में चल रही खींचतान के बजाय राज्य के विकास पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं को सलाह दी है कि वे राजनीतिक झगड़ों में समय बर्बाद करने के बजाय काम पर ध्यान दें। थरूर ने केरल की आर्थिक हालत पर चिंता जताते हुए निवेश बढ़ाने और कारोबार के रास्ते आसान करने की जरूरत भी बताई।

तिरुवनंतपुरम में मीडिया से बातचीत के दौरान थरूर ने कहा कि केरल इस समय आर्थिक मुश्किलों से गुजर रहा है। उन्होंने राज्य की इस हालत के लिए पिछली एलडीएफ सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि पिछली सरकार के गलत कामकाज और फैसलों ने राज्य को ऐसे हालात में पहुंचा दिया है, जहां से निकलने के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे।

निवेश बढ़ाने पर दिया जोर

थरूर ने कहा कि केरल में विकास की काफी संभावनाएं हैं। यहां नए काम शुरू करने और राज्य को आगे ले जाने के लिए कई अच्छे विचार मौजूद हैं, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने की जरूरत है। इसके लिए राज्य में निवेश लाना होगा और कारोबार शुरू करने की प्रक्रिया को आसान बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं के कारण कारोबार में आने वाली रुकावटों को दूर करना जरूरी है। इससे नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और लोगों के लिए रोजगार के मौके भी बनेंगे। थरूर के मुताबिक, निवेश और विकास पर ध्यान दिए बिना केरल की तरक्की संभव नहीं है।

अपनी पार्टी के नेताओं को क्या सलाह दी?

कांग्रेस सांसद ने साफ कहा कि वह राजनीतिक विवादों में उलझकर अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहते। पार्टी में संगठन से जुड़े नेता हैं, जो इन मामलों को देख सकते हैं। उनकी प्राथमिकता केरल का विकास और राज्य की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना है।

थरूर ने कहा कि जब भी वह केरल आते हैं तो उनकी बातचीत और बैठकों में राज्य की तरक्की से जुड़े मुद्दे ही प्रमुख रहते हैं। उन्होंने पार्टी के दूसरे नेताओं से भी इसी सोच के साथ काम करने की अपील की।

मुख्यमंत्री का साथ देने की बात

थरूर ने कहा कि केरल को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने अपने साथियों से मुख्यमंत्री का सहयोग करने और विकास के कामों में साथ देने की बात कही। उनका मानना है कि राजनीतिक बहस में उलझने के बजाय राज्य के भविष्य और लोगों की खुशहाली पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।

Also Read
View All