23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / क्या बारिश से फीकी पड़ेगी अनंत सिंह की बेटी की शादी की रौनक? छोटे सरकार बोले- घुड़दौड़ और महाभोज सब होगा, इंग्लैंड हो या बिहार सबको न्योता है

क्या बारिश से फीकी पड़ेगी अनंत सिंह की बेटी की शादी की रौनक? छोटे सरकार बोले- घुड़दौड़ और महाभोज सब होगा, इंग्लैंड हो या बिहार सबको न्योता है

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों पर बारिश का असर पड़ा है। टेंट और पंडाल को नुकसान पहुंचने के बावजूद अनंत सिंह ने कहा है कि घुड़दौड़, दावत और अन्य सभी कार्यक्रम तय समय पर होंगे।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पटना

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 23 Nov 2026, 12:24 PM IST

Anant Singh Daughter Wedding

Anant Singh Daughter Wedding: Photo AI

Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की भव्य तैयारियों के बीच बारिश ने मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। कई बीघा जमीन में लगाए गए टेंट और पंडाल को तेज हवा और बारिश से नुकसान और पारंपरिक घुड़दौड़ रद्द होने की खबर है। हालांकि, अनंत सिंह ने स्पष्ट किया है कि खराब मौसम के बावजूद शादी के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि पानी निकालने और ट्रैक को ठीक करने का काम चल रहा है और कैटरिंग से लेकर घुड़दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सब कुछ योजना के अनुसार ही होगा।

बारिश से पंडालों के भीगने पर अनंत सिंह ने क्या कहा?

अनंत सिंह से ने बारिश के कारण पंडाल भीगने और तीन दिनों से तैयारियां प्रभावित होने को लेकर अपने खास अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, "जो बारिश हुई है, उससे कोई बड़ी समस्या नहीं है। कल सुबह तक सब कुछ ठीक हो जाएगा। भले ही टेंट लगाने के काम में तीन दिन की रुकावट के कारण चीजें पूरी तरह से व्यवस्थित न हो पाई हों, लेकिन इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता। अगर टेंट भीग गए हैं या थोड़े अस्त-व्यस्त हो गए हैं, तो कोई बात नहीं। लेकिन खाना, घुड़दौड़ और मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, ये सभी पूरे जोर-शोर से होंगे और सभी कलाकार भी तय समय पर पहुंच जाएंगे।"

घुड़दौड़ की तैयारियों पर भी बोले

दरअसल, बारिश के बाद सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो और पोस्ट वायरल हो रहे थे, जिनमें दावा किया जा रहा था कि कई बीघे में लगा टेंट तेज हवा में उड़ गया है, बारिश से व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई है और मैदान गीला होने के कारण बहुचर्चित घुड़दौड़ रद्द हो सकती है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा, "अब मोबाइल पर जिसको जो मन आता है, डालता रहता है कि घुड़दौड़ नहीं होगी। मैंने खुद लोगों को भेजकर सब कुछ चेक करवाया है। ट्रैक तैयार करने के लिए पानी निकाला जा रहा है और अगर रेत की जरूरत पड़ी, तो उसका भी इंतजाम हो जाएगा। घुड़दौड़ बहुत अच्छे से और पूरे जोश के साथ होगी।"

शादी में मिठाई का महा इंतजाम

शादी समारोह में आने वाले मेहमानों की संख्या और भव्य दावत के इंतजाम हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है। इस शानदार शादी में लगभग 4 लाख मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। मेहमानों के स्वागत के लिए बहुत बड़े पैमाने पर मिठाइयां तैयार की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर दूध के 15 टैंकर मंगाए गए हैं। इनसे लगभग 20 से 24 लाख रसगुल्ले और कई अन्य तरह के व्यंजन बनाए जा रहे हैं, ताकि मेहमानों को मेहमाननवाजी या खाने-पीने में कोई कमी महसूस न हो।

अनंत सिंह ने शादी के लिए दिया खुला निमंत्रण

अनंत सिंह ने घुड़दौड़ में हिस्सा लेने वाले जॉकी और देश-विदेश से आने वाले मेहमानों को खुला निमंत्रण दिया है। बिहार के अलग-अलग जिलों और यहां तक कि इंग्लैंड से आने वाले लोगों को लेकर अनंत सिंह ने कहा, "जितने लोग हमको जानते हैं, सबको न्योता है। हम आरजू-विनती भी करते हैं कि सब आदमी आइए। जो लोग एक-दो दिन में घुड़दौड़ में शामिल होने वाले हैं, सबको निमंत्रण है। चाहे बिहार के किसी कोने से आएं या इंग्लैंड से, जो भी आएंगे सब हमारे मेहमान और मालिक होंगे। हम लोग पूरी इज्जत के साथ उनके स्वागत में खड़े रहेंगे।"