राष्ट्रीय

शीना बोरा हत्याकांड: इंद्राणी मुखर्जी को हाईकोर्ट से नहीं मिली जमानत, अब सुप्रीम कोर्ट का करेंगी रुख

बॉम्बे हाई कोर्ट ने शीना बोरा हत्याकांड में INX Media की सह-संस्थापक इंद्राणी मुखर्जी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। वहीं मुखर्जी की वकील सना खान का कहना है कि अभी हमने हार नहीं मानी है, अब हम सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2021, 6:54 PM IST
sheena bora murder case,hc dismisses bail application indrani mukerjea
sheena bora murder case,hc dismisses bail application indrani mukerjea

नई दिल्ली। शीना बोरा हत्याकांड में INX Media की सह-संस्थापक इंद्राणी मुखर्जी को बॉम्बे हाईकोर्ट से झटका लगा है। दरअसल, हाई कोर्ट ने हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। मुखर्जी की वकील सना खान का कहना है कि अभी हमने हार नहीं मानी है, अब हम सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे। बता दें कि यह पहला मौका है जब इंद्राणी ने जमानत के लिए हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी, इससे पहले वो कई बार विशेष सीबीआई अदालत में जमानत के लिए गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन हर बार कोर्ट ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया।

बेटी की हत्या का है आरोप
INX Media की सह-संस्थापक इंद्राणी मुखर्जी अपनी बेटी शीना बोरा की कथित हत्या करने के मामले में मुकदमे का सामना कर रही है। इस मामले में मुखर्जी को अगस्त 2015 में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से वो मुंबई के बायकुला महिला कारागार में कैद है। बता दें कि सीबीआई 2012 से इस मामले की जांच कर रही है। वहीं सीबीआई ने 19 अगस्त को मुंबई की एक विशेष अदालत को बताया था कि आगे वह शीना बोरा मर्डर केस की जांच नहीं करेगी।

2012 में हुई थी शीना की हत्या
जानकारी के मुताबिक अप्रैल 2012 में शीना बोरा को अगवा किया गया था और फिर उसकी दम घोट कर हत्या कर दी गई थी। मुंबई पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज किया था, जिसमें 4 लोगों को आरोपी बनाया गया था। खास बात यह है कि इस हत्याकांड में मुंबई पुलिस ने इंद्राणी मुखर्जी और उनके पति पीटर मुखर्जी को भी आरोपी बनाया है।

कुछ दिनों बाद यह केस सीबीआई के पास ट्रांसफर किया गया था। सीबीआई ने इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ कई चार्जशीट फाइल की थी। वहीं इस मामले की जांच के 6 साल पूरे होने और कम से कम 5 चार्जशीट दायर होने के बाद अब सीबीआई ने विशेष अदालत से कहा कि वो अब इस मामले की आगे जांच नहीं करेगा।

गौरतलब है कि इंद्राणी मुखर्जी ने तीन शादियां की हैं, पीटर उनके तीसरे पति हैं। पीटर पर शीना बोरा की हत्या मामले में इंद्राणी की हत्या करने का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ऐसा भी कहा जाता है कि इंद्राणी मुखर्जी ने शीना बोरा की हत्या इसलिए की थी क्योंकि उन्हें शक था कि शीना और राहुल मुखर्जी के बीच संबंध है। बता दें कि राहुल मुखर्जी, पीटर मुखर्जी का बेटा है।

Published on: