राष्ट्रीय

हिंदू नेता चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी और पैरोल पर शेख हसीना का बड़ा बयान, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर जताई चिंता

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने हिंदू नेता चिन्मय कृष्ण दास को मां की मौत के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए केवल पांच घंटे की पैरोल दिए जाने पर दुख जताया। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदू समेत अन्य अल्पसंख्यक समुदायों पर हो रहे हमलों और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जताई।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 11:05 AM IST
Sheikh Hasina
Bangladesh Former PM Sheikh Hasina (File Photo-IANS)

नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों पर लगातार हो रहे हमलों और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू, बौद्ध और ईसाई समुदाय के लोगों के घरों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई परिवार अब खुद को देश में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। शेख हसीना ने यह बातें IANS को दिए एक विशेष ऑडियो इंटरव्यू में कहीं।

हर धर्म के लोगों को समान अधिकार मिलने चाहिए

शेख हसीना ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू, बौद्ध, ईसाई और दूसरे सभी धर्मों के लोग समान नागरिक हैं। उन्हें सुरक्षित रहने, अपने धर्म का पालन करने और अपने परिवार व संपत्ति की रक्षा करने का समान अधिकार है। इसके बावजूद अल्पसंख्यक समुदायों, उनके घरों और पूजा स्थलों पर हमलों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कई परिवार अब खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करके हैं।

चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी का भी किया जिक्र

शेख हसीना ने जेल में बंद हिंदू नेता चिन्मय कृष्ण दास का मामला उठाते हुए इसे बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि चिन्मय कृष्ण दास की मां गंभीर रूप से बीमार थीं। परिवार चाहता था कि उन्हें मां से मिलने की अनुमति मिले, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मां के निधन के बाद उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए केवल पांच घंटे की पैरोल दी गई।

चिन्मय कृष्ण दास बांग्लादेश सम्मिलित सनातनी जागरण जोत के प्रवक्ता भी हैं। उन्हें 25 नवंबर 2024 को ढाका में गिरफ्तार किया गया था। अगले दिन चटगांव की अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद बांग्लादेश सहित दुनिया के कई हिस्सों में हिंदू समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किए थे।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील

शेख हसीना ने कहा कि अल्पसंख्यकों पर होने वाले हमलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसके दोषियों को कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए। किसी व्यक्ति की धार्मिक पहचान यह तय नहीं कर सकती कि उसे अपने ही देश में सुरक्षित रहने का अधिकार मिलेगा या नहीं। कानून के सामने सभी नागरिकों को समान सुरक्षा मिलनी चाहिए।

बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

आईएएनएस से बातचीत में शेख हसीना ने बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने जबरन वसूली, भीड़ की हिंसा और महिलाओं व अल्पसंख्यकों पर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं से आम लोगों में डर का माहौल है।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के अधिकारी आम नागरिकों की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे चलाने को प्राथमिकता दे रहे हैं। हसीना ने कहा कि आम लोग सुरक्षा, रोजगार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर चाहते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

राजनीतिक बदले के बजाय आम लोगों की समस्याओं पर हो ध्यान

पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार का मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि वह अपने नागरिकों के साथ कैसा व्यवहार करती है और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए क्या कदम उठाती है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को राजनीतिक बदले की भावना से बाहर निकलकर आम नागरिकों की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। यही एक जिम्मेदार सरकार की पहचान होनी चाहिए।

Updated on:
13 Nov 2026, 11:05 AM IST
Published on: