राष्ट्रीय

शोपियां ऑपरेशन में लश्कर कमांडर जाकिर गनई ढेर, दूसरे आतंकी की तलाश जारी

Jammu Kashmir Shopian Encounte: जम्मू कश्मीर के शोपियां में चार दिन तक चले ऑपरेशन के बाद लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जाकिर गनई का शव हथियार सहित बरामद हुआ।
2 min read
Jul 08, 2026
Jammu Kashmir Encounter
शोपियां में LeT का टॉप कमांडर ढेर (Video Screenshot)

Lashkar-e-Taiba Top Commander Killed: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। चार दिन तक चले लंबे ऑपरेशन के बाद आज (बुधवार) को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के टॉप कमांडर जाकिर गनई का शव हथियार के साथ बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने पुष्टि कर दी है कि शोपियां मुठभेड़ में मारा गया आतंकवादी जाकिर गनई ही था। हालांकि, पूरे इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी अन्य आतंकवादी की मौजूदगी की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

CCTV में दिखे थे दो आतंकवादी

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, शनिवार को शोपियां के मीमंदर क्षेत्र में लगे सर्विलांस कैमरों (CCTV) में दो संदिग्ध आतंकवादी दिखाई दिए थे। इनपुट मिलने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

चार दिन बाद मिला जाकिर गनई का शव

लगातार चार दिन तक चले ऑपरेशन के बाद बुधवार को शोपियां के चानपोरा गांव से एक आतंकवादी का शव हथियार के साथ बरामद किया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पहचान की पुष्टि करते हुए बताया कि यह शव लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर जाकिर गनई का है। जाकिर की मौत को दक्षिण कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। सुरक्षा बल पूरे इलाके की गहन तलाशी ले रहे हैं ताकि किसी अन्य छिपे हुए आतंकवादी का भी पता लगाया जा सके।

दूसरे आतंकियों की तलाश जारी

अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान दो आतंकवादी बाग के अंदर छिपे हुए थे। उनकी पहचान जाकिर गनई और लतीफ के रूप में हुई थी। दोनों दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के निवासी बताए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जाकिर 2024 से लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़ा हुआ था, जबकि लतीफ ने पिछले साल इस संगठन से जुड़ा था। सुरक्षा एजेंसियां अब दूसरे आतंकवादी की तलाश में पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

Updated on:
08 Jul 2026 11:53 am
Published on:
08 Jul 2026 10:10 am