दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड जैसी एक और वारदात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि आरोपी हत्यारे ने सुबह मर्डर किया और शाम को दूसरी लड़की के साथ शादी कर ली।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड जैसी एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नजफगढ़ के मित्रांव गांव के बाहरी इलाके में स्थित एक ढाबे के फ्रिज में पुलिस को एक 24 वर्षीय लड़की की लाश मिली है। पुलिस के अनुसार मृतका निक्की यादव लिव-इन रिलेशनशिप में थी, लेकिन उनका बॉयफ्रेंड किसी और लड़की से शादी करने की तैयारी कर रहा था। जिसके बारे में उसने अपनी लिव-इन पार्टनर को नहीं बताया था। जब मृतका निक्की यादव को इसके बारे में पता चला तो दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने फार्मा छात्र साहिल गहलोत (24) को गिरफ्तार कर लिया है, जिसका परिवार मित्रांव गांव में ढाबा चलाता है। पुलिस के अनुसार मृतका निक्की यादव और आरोपी ने 2018 में डेटिंग शुरू की और वह द्वारका में रह रहे थे। लड़की के लापता होने पर उसे जानने वाले एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी।
सुबह की हत्या, शाम को की शादी
पुलिस के अनुसार आरोपी हत्यारे साहिल गहलोत ने सुबह अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी और फिर उसी शाम घरवालों के कहने पर दूसरी लड़की से शादी कर ली। पुछताछ के दौरान आरोपी साहिल ने पुलिस को बताया है कि उसने 10 फरवरी को दिल्ली के कश्मीरी गेट ISBT के पास कार में गला दवाकर हत्या कर दी और फिर उसके शव को ढावे के फ्रिज में ले जाकर रख दिया।
कोचिंग के दौरान हुई थी मुलाकात
आरोपी ने बताया कि निक्की से वह पहली बार 2018 में मिले थे, उस समय वह SSC परीक्षा की तैयारी के लिए उत्तम नगर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में कोचिंग कर रहा था। तब निक्की भी आकाश इंस्टीट्यूट में पढ़ाई कर रही थी। दोनों एक ही बस में सफर किया करते थे। पुलिस के अनुसार दोनों ने प्रतियोगी परीक्षाएं पास नहीं कीं, लेकिन ग्रेटर नोएडा में एक साथ रहने लगे। इसके बाद गहलोत और यादव ने गलगोटिया कॉलेज में प्रवेश लिया था। जब वह फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा था, तब वह अंग्रेजी ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई कर रही थी। उन्होंने मनाली, ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून की छोटी-छोटी यात्राएं भी एक साथ कीं। लॉकडाउन के दौरान दोनों को वापस अपने घर चले गए थे। लॉकडाउन के बाद वे फिर मिले और दिल्ली के द्वारका में किराए के मकान में शिफ्ट हो गए।
शादी तय होने के बाद भी निक्की के साथ लिव-इन में रह रहा था आरोपी हत्यारा
साहिल गहलोत ने कभी अपने परिवार को निक्की यादव के रिश्ते के बारे में नहीं बताया। पिछले साल परिवार वालों ने गहलोत से उसकी शादी की योजनाओं के बारे में पूछना शुरू किया और दिसंबर 2022 में उनकी शादी के लिए एक लड़की ढूंढ ली। शादी तय हो गई थी लेकिन साहिल ने निक्की से नाता नहीं तोड़ा। अपने झूठ पर झगड़े के बाद उसने उसे मारने का फैसला किया और उसके शव को फ्रीज में रख दिया। इसके बाद वह घर वापस चला गया और उसी शाम दूसरी लड़की से शादी कर ली।