राष्ट्रीय

500 पन्नों के बाद भी अधूरी रह गई कहानी? राहुल गांधी ने खोला सोनिया की किताब का “अनकहा” राज

Belonging A Journey of Love: सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’ के बहाने राहुल और प्रियंका ने मां के साथ साझा किए परिवार के अनसुने किस्से। बचपन की तन्हाई से लेकर 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने तक, बातचीत में सामने आईं सोनिया गांधी की जिंदगी की कई अनकही कहानियां।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 9:51 AM IST
Sonia Gandhi memoir Belonging
Sonia Gandhi memoir Belonging : राहुल गांधी ने सुनाई सातवें जन्मदिन की वो कहानी, जो आज भी चुभती है (फोटो सोर्स:@RahulGandhi)

Sonia Gandhi Memoir: सोनिया गांधी की किताब "बिलॉन्गिंग" के बहाने राहुल और प्रियंका ने मां के साथ बैठकर वो किस्से छेड़े, जो किताब में नहीं आ पाए। राहुल गांधी ने X पर यह बातचीत साझा की है। इसमें सातवें जन्मदिन पर दावत में एक ही दोस्त का पहुंचना है, इटली में सोनिया के पिता का शुरुआती इनकार है और 2004 के उस फैसले की अंदरूनी कहानी भी, जिसने देश की सियासत बदल दी।

Sonia Gandhi Memoir Belonging: राहुल गांधी ने X पर साझा किया बातचीत का वीडियो

राहुल गांधी ने X पर अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका के साथ हुई लंबी बातचीत का वीडियो डाला है। इसमें किताब "बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव" के पीछे की कई अनसुनी बातें सामने आईं।

Belonging A Journey of Love: किताब के कवर में छिपी है राजीव गांधी से पहली मुलाकात की याद

बात किताब के कवर से शुरू हुई। सोनिया ने बताया कि यह वही तस्वीर है जो राजीव ने तब खींची थी, जब वे इटली में उनके घर शादी की बात करने पहुंचे थे। पिता ने विनम्रता से मना कर दिया। उन्हें लगता था कि नेताओं और अमीरों की दुनिया उनकी बेटी के लिए अनजानी और अपनी नहीं होगी।

भारत आकर गरीबी देखकर हैरान रह गई थीं सोनिया

भारत आने पर सबसे ज्यादा झटका सोनिया को गरीबी देखकर लगा। उन्होंने बताया कि वह 1968 का दौर था और आजादी को बीस साल भी नहीं हुए थे। राहुल ने अपनी नानी का किस्सा भी सुनाया, जो न हिंदी जानती थीं न अंग्रेजी, फिर भी चर्च और बाजार में दोस्त बना लेती थीं। एक बार वे यह देखकर रो पड़ीं कि उनकी बेटी अब पूरी तरह हिंदुस्तानी हो गई है।

जन्मदिन की पार्टी में 32 बच्चों को बुलाया, लेकिन पहुंचा सिर्फ एक दोस्त

सबसे भावुक हिस्सा बचपन का रहा। राहुल ने बताया कि 1977 में चुनाव हारने के बाद जब स्कूल लौटे तो कोई उनके पास बैठने को तैयार नहीं था। मां ने दोस्ती जोड़ने के लिए जन्मदिन की दावत रखी और 32 बच्चों को बुलाया, पर आया सिर्फ एक, जो आज भी उनका दोस्त है।

पिता की सुरक्षा को लेकर राहुल गांधी ने उठाए सवाल

सुरक्षा वाले मसले पर राहुल का आरोप है कि पिता की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई। उन्होंने बिहार दौरे को आखिरी तिनका बताया, जहां खुली जीप पर पत्थर फेंके गए। लौटकर उन्होंने मां से कहा कि कुछ नहीं हुआ तो पापा की अंतिम यात्रा में जल्द आना पड़ेगा।

2004 पर सोनिया ने खुद को परखते हुए कहा कि उन्हें कार्यकर्ताओं के साथ धोखा करने जैसा भी लगा था, और सत्ता इंसान को बहाने भी दे देती है। किताब में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले का जिक्र है।

सेहत पर सोनिया ने कहा कि बीमारी जल्दी पकड़ में आई और परिवार व दोस्तों ने हिम्मत दी। उन्होंने यह बात इसलिए लिखी कि शायद इससे दूसरी महिलाओं को मदद मिले। लोकार्पण में राहुल ने बताया था कि मां चार बार कैंसर से लड़ चुकी हैं, जबकि किताब में दो बार का जिक्र है।

आखिर में राहुल ने कहा कि मां ने उन लोगों के बारे में बहुत कुछ नहीं लिखा जिन्होंने उन्हें अपमानित किया, और शायद वे कभी खुद कहेंगे। सोनिया बोलीं कि उन्हें कड़वाहट नहीं है और भारत के लोगों ने उन्हें बेटी की तरह अपनाया।

544 पन्नों की यह किताब हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने 10 नवंबर को जारी की। सोनिया अगले महीने 80 साल की हो जाएंगी।

Updated on:
24 Nov 2026, 9:51 AM IST
Published on:
Also Read
View All
Dalai Lama: लुटियंस दिल्ली में दलाई लामा का नया ठिकाना, विदेश मंत्रालय की चिट्ठी से खुला राज

‘बीजेपी ने चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को घटाकर उसे अपने सहयोगी संगठन जैसा बना दिया’, एसआईआर पर कांग्रेस नेता का पलटवार

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए खरीदे गोल्डन पास और फिर चुराए लाखों के स्मार्टफोन्स, अहमदाबाद पुलिस ने किया दो आरोपियों को गिरफ्तार

बिहार से बंगाल तक कांपी धरती: नेपाल के कोशी में आया 5.4 का भूकंप, समस्तीपुर-सिलिगुड़ी में सहमे लोग

दिल्ली में होगी बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक, 27-28 नवंबर को होगा आयोजन