
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की मुलाकात को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच शुरुआत से ही अच्छे संबंध रहे हैं। मुश्किल परिस्थितियों में भी दोनों ने एक-दूसरे का साथ दिया है। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य लालू यादव के स्वास्थ्य का हालचाल जानना था।
तेजस्वी यादव ने बताया कि लालू प्रसाद यादव रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए दिल्ली आए हुए हैं। रविवार को उन्होंने खुद सोनिया गांधी से मुलाकात की थी और उन्हें इसकी जानकारी दी थी। इसी दौरान सोनिया गांधी ने लालू यादव से मिलने की इच्छा जताई थी। इसके बाद वह सोमवार को उनसे मिलने पहुंचीं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू यादव और सोनिया गांधी लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और दोनों के बीच अच्छे संबंध रहे हैं। दोनों परिवारों के बीच भी काफी पुराने रिश्ते हैं। मुश्किल समय में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का साथ दिया और समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की लंबे समय से मुलाकात नहीं हुई थी। इसलिए आज सोनिया गांधी ने लालू यादव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
तेजस्वी यादव ने दिल्ली में INDIA गठबंधन की रैली को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में जहां-जहां विपक्ष मौजूद है, वहां सभी विपक्षी दलों को मजबूती के साथ चुनौतियों का सामना करना होगा।
उन्होंने कहा कि जब तक विपक्ष एकजुट होकर मुकाबला नहीं करेगा, तब तक यह लड़ाई नहीं जीती जा सकती। रविवार को विपक्षी दलों के नेता एक मंच पर जरूर जुटे थे, लेकिन यह आखिरी कार्यक्रम नहीं था। तेजस्वी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि जब तक उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, विपक्ष चुप बैठने वाला नहीं है। उन्होंने संकेत दिया कि INDIA गठबंधन आगे भी इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगा।