
Belonging A Journey of Love: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किताब में अपनी जिंदगी का एक ऐसी दर्दनाक कहानी का खुलासा किया है, जिसके बारे में अब तक सार्वजनिक रूप से बहुत कम जानकारी थी। दरअसल, अपनी आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' में सोनिया गांधी ने पहली बार अपने उस नवजात बेटे को खोने का दर्द बयां किया है, जिसकी जन्म के कुछ ही समय बाद मौत हो गई थी।
सोनिया गांधी ने बताया कि बेटे को खोने के बाद वह और राजीव गांधी किस कदर टूट गए थे। इतना ही नहीं, बच्चे को अंतिम विदाई देने के लिए परिवार को एक कठिन फैसला भी लेना पड़ा था।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा कि सितंबर 1968 में जब उन्होंने परिवार को अपनी प्रेग्नेंसी की खबर दी थी, तो गांधी परिवार में खुशी का माहौल था। उन्होंने कहा कि इस खबर से इंदिरा गांधी भी बेहद खुश हुई थीं। उन्होंने सोनिया को गले लगाते हुए कहा था- एक बड़ा बच्चा दूसरे बच्चे को जन्म देने वाला है!
किताब में सोनिया गांधी ने बताया कि परिवार की यह खुशी ज्यादा दिन तक नहीं टिक पाई। 18 जनवरी 1969 को सोनिया गांधी ने समय से करीब दो महीने पहले एक बेटे को जन्म दिया। बच्चा प्रीमैच्योर था और डॉक्टरों ने उसके बचने की संभावना को लेकर पहले ही आशंका जताई थी।
सोनिया गांधी ने लिखा कि उन्होंने अपने बच्चे की पहली आवाज सुनी थी, जब उसे इनक्यूबेटर में रखा जा रहा था। बाद में राजीव गांधी उन्हें बच्चे को दिखाने ले गए। सोनिया के मुताबिक, बच्चा बेहद छोटा, लेकिन पूरी तरह विकसित था। उसके घने काले बाल और लंबी-पतली उंगलियां थीं।
उन्होंने लिखा- हम दोनों उसे एकटक देखते रहे। राजीव का हाथ मेरे कंधे पर था। हम पहली ही नजर में उससे प्यार करने लगे थे। लेकिन 18 जनवरी की सुबह करीब 6:30 बजे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। डॉक्टरों ने राजीव गांधी को बताया कि नवजात बच्चे की मौत हो गई है। बेटे की मौत की खबर राजीव ने मुझे दी थी।
अपनी किताब में सोनिया गांधी ने लिखा कि यह खबर सुनकर वह बार-बार पूछती रहीं कि ऐसा कैसे हो सकता है? दोनों सदमे में थे और एक-दूसरे को पकड़कर रोते रहे। उन्होंने लिखा कि राजीव भी खुद को संभाल नहीं पाए और फूट-फूटकर रोए।
अपनी आत्मकथा में सोनिया गांधी ने बताया कि उस समय इंदिरा गांधी भी एक दौरे पर थीं। जैसे ही उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी मिली, उन्होंने अपना दौरा बीच में ही छोड़ दिया और अस्पताल पहुंच गईं।
सोनिया के मुताबिक, इंदिरा ने उन्हें और राजीव को गले लगाया। उनकी आंखें भी लाल और सूजी हुई थीं। उन्होंने काफी देर तक दोनों के साथ समय बिताया। इंदिरा ने कहा कि वह उनके पास रुकना चाहती थीं, लेकिन उन्हें अपना दौरा पूरा करना था। अगले दिन सुबह वह भारी मन से वहां से रवाना हो गईं।
सोनिया गांधी ने लिखा कि बच्चे की मौत के बाद परिवार के सामने उसके अंतिम संस्कार को लेकर मुश्किल सवाल खड़ा हो गया। सोनिया ने बताया कि हिंदू परंपरा के मुताबिक नवजात शिशु का अंतिम संस्कार आमतौर पर दाह संस्कार के बजाय नदी में प्रवाहित करके किया जाता है।
सोनिया ने किताब में लिखा कि वह इस परंपरा के अनुसार अपने बच्चे को विदा करने के लिए तैयार नहीं थीं। उन्हें ओखला बैराज के पास देखी गई एक पुरानी घटना याद आ गई थी, जब उन्होंने नदी में फंसे एक व्यक्ति के शव को देखा था और कुछ कुत्ते उसे खींचने की कोशिश कर रहे थे।
इस याद ने उन्हें भीतर तक विचलित कर दिया। उन्होंने साफ कह दिया कि वह किसी भी कीमत पर अपने बच्चे को नदी में प्रवाहित नहीं होने देंगी।
सोनिया ने लिखा- नहीं, मैं अपने बच्चे के साथ ऐसा नहीं कर सकती थी, चाहे नदी कितनी ही पवित्र क्यों न हो। मेरा बच्चा पहले ही जीने का मौका खो चुका था। मैं उसके साथ ऐसा कुछ नहीं करना चाहती थी, जो मुझे इतना पराया और निर्दयी लगे।
किताब में सोनिया ने बताया कि आखिरकार परिवार ने बच्चे को दफनाने का फैसला किया। सोनिया के मुताबिक- राजीव गांधी और उनके छोटे भाई संजय गांधी ने दिल्ली के मेहरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में नवजात को दफनाया था।
उन्होंने बताया कि फार्महाउस की अंदरूनी चारदीवारी के बाईं ओर गुलाबी बोगनविलिया की एक खूबसूरत झाड़ी थी। उस समय उसमें फूल खिले हुए थे। राजीव और संजय ने उसी झाड़ी के नीचे गहराई में बच्चे को दफनाया।
सोनिया लिखती हैं कि लंबे समय तक जब भी परिवार उस फार्महाउस जाता, उस जगह पर एक फूल जरूर रखता था। हालांकि, इससे उनका दर्द कम नहीं होता था, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें इस सच्चाई को स्वीकार करना पड़ा।
नवजात बेटे की मौत ने सोनिया गांधी को गहरे सदमे में डाल दिया था। वह अवसाद से जूझने लगी थीं। उन्हें अपने भीतर कमी होने और खुद को दोषी मानने जैसी भावनाएं भी परेशान करती थीं।
इसी दौरान एक दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार में प्रकाशित लेख ने उनके जख्मों को और गहरा कर दिया। लेख का शीर्षक था- 'इंदिरा गांधी एक नाजायज बच्चे की दादी बनने की अपनी कोशिश में नाकाम रहीं।'
सोनिया ने लिखा कि इन शब्दों ने उनके दिल पर गहरा घाव कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि लोग इतने निर्दयी कैसे हो सकते हैं और आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया था, जिसके लिए उन्हें इतनी नफरत झेलनी पड़ी। उनके मुताबिक, इस टिप्पणी ने बेटे को खोने के दर्द के साथ उनके भीतर की हीनभावना और दुख को और बढ़ा दिया।
इस दर्दनाक घटना के करीब नौ महीने बाद अक्टूबर 1969 में सोनिया गांधी ने राजीव गांधी को बताया कि वह एक बार फिर गर्भवती हैं। सोनिया ने लिखा कि इस बार वह बेहद खुश थीं, लेकिन पहले अनुभव के कारण उनके मन में डर और चिंता भी थी।
इसके बाद 19 जून 1970 को सोनिया गांधी ने अपने दूसरे बच्चे राहुल गांधी को जन्म दिया। इस तरह बेटे को खोने के गहरे सदमे के बाद गांधी परिवार में एक बार फिर खुशियां लौटीं।