
Congress Vande Mataram Controversy: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के दौरान नेताओं के कथित व्यवहार को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में बीजेपी नेताओं ने रविवार को कर्नाटक के उर्वा थाने में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस के मौके कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के वीडियो सामने आए। वीडियो में ‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता आपस में बातचीत करते नजर आए। बीजेपी ने इसे राष्ट्रगीत के प्रति कथित असम्मान बताते हुए कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा है।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने इसको लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने इसे राष्ट्रगीत को लेकर असहजता और अनादर का आरोप लगाया। उन्होंने सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान उनकी कथित असहजता से कांग्रेस का रवैया सामने आ गया।
मनोज तिवारी ने कहा कि जब ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण बजाया गया, तब सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे असहज नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि कैमरे में रिकॉर्ड होने के बाद कांग्रेस की ओर से सफाई देने की कोशिश की गई।
वहीं बीजेपी नेता शहनवाज हुसैन ने भी कांग्रेस नेताओं के व्यवहार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान नेताओं का असहज नजर आना दुर्भाग्यपूर्ण है और आरोप लगाया कि गीत के गायन को रोकने की कोशिश की गई।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी की रैलियों या उसके समर्थकों की ओर से पाकिस्तान ज़िंदाबाद के नारे लगाए गए, तब कांग्रेस नेतृत्व को कभी इस तरह परेशान या आक्रोशित होते हुए नहीं देखा गया। सोनिया गांधी केवल नाराज या गुस्से में नहीं थीं, बल्कि उन्होंने ऐसी प्रतिक्रिया दी जैसे कोई अपराध हो गया हो।
हालांकि, कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि सोनिया गांधी की गतिविधि का ‘वंदे मातरम्’ के प्रति किसी तरह के अनादर से कोई संबंध नहीं था। कांग्रेस के मुताबिक, सोनिया गांधी कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के सही क्रम और उचित तरीके से गायन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही थीं।