
Earthquake: अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप आने के बाद भारत के कई राज्यों में तेज झटके महसूस किए गए। दिल्ली-NCR से कश्मीर तक से धरती कांपी। भूकंप के बाद लोग डर के मारे घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।
शनिवार शाम को दिल्ली, जम्मू और कश्मीर तथा उत्तर भारत के कई अन्य राज्यों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भारत सरकार की भूकंपीय गतिविधियों की निगरानी करने वाली नोडल एजेंसी, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 थी।
प्रारंभिक भूकंपीय रिपोर्टों के अनुसार, शनिवार शाम को अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप भारतीय समयानुसार शाम 7:04 बजे 215 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसके झटके पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। तत्काल किसी भी प्रकार के हताहत या क्षति की कोई रिपोर्ट नहीं है।
भूकंप का केंद्र पूर्वोत्तर अफगानिस्तान के कालाफगान से लगभग 81 किलोमीटर दूर स्थित था, और इसके झटके अफगानिस्तान, पाकिस्तान, भारत, चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान में महसूस किए गए।
आपको बता दें कि इससे पहले 27 जून को भारतीय समयानुसार सुबह 11:38 बजे हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था।
यह खबर अपडेट की जा रही है…