राष्ट्रीय

सुखबीर बादल पर हमले से चिंतित पीएम मोदी ने खुद जाना हाल, अब सांसद हरसिमरत कौर ने जताया आभार

Sukhbir Badal attack: महाराष्ट्र के नांदेड़ में सुखबीर बादल पर हुए हमले के बाद पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर उनका हाल जाना। सांसद हरसिमरत कौर ने दोनों नेताओं का आभार जताया है।
2 min read
Harsimrat Kaur thanks PM Modi.
सांसद हरसिमरत कौर बादल और पीएम मोदी। (Photo -ANI)

Harsimrat Kaur Badal on PM Modi and Union Home Minister Amit Shah: महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब में गुरुवार को पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल पर हमला हुआ। एक निहंग द्वारा तलवार से किए गए इस हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, आरोपी जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले की सूचना मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी पत्नी एवं सांसद हरसिमरत कौर से संपर्क कर सुखबीर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस पर अब सांसद हरसिमरत कौर ने जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है, वहीं केंद्रीय गृह मंत्री को भी इसके लिए धन्यवाद दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए हरसिमरत कौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित एक गुरुद्वारा साहिब के अंदर सरदार सुखबीर सिंह बादल जी पर हुए कायरतापूर्ण हमले के बाद, उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए स्वयं फोन करने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की आपकी शुभकामनाओं के लिए, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मैं हृदय से आभारी हूं। इस कठिन समय में आपकी चिंता, समर्थन और शुभकामनाएं हम सभी परिजनों, हमारी पार्टी और पंजाब के लोगों के लिए बहुत मायने रखती हैं। आपके इस आत्मीय भाव ने मुझे गहराई से छुआ है। घटना का तत्काल संज्ञान लेने और जांच में महाराष्ट्र पुलिस के साथ समन्वय करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों को निर्देश देने हेतु भी मैं आपकी आभारी हूं।'

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने पर हरसिमरत कौर ने 'एक्स' पर लिखा, 'महाराष्ट्र में एक गुरु घर के अंदर सुखबीर सिंह बादल जी पर हुए हमले के बाद उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए मुझसे संपर्क करने पर मैं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी का हृदय से धन्यवाद करती हूं। इस कठिन समय में आपकी व्यक्तिगत चिंता और आपके द्वारा दिए गए आश्वासन के लिए मैं आभारी हूं। इस दर्दनाक घटना, जो महान सिख धर्म के मूल सिद्धांतों का घोर उल्लंघन है, की एक प्रभावी जांच सुनिश्चित करने की आपकी प्रतिबद्धता के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।'

Updated on:
14 Aug 2026 10:47 am
Published on:
14 Aug 2026 10:47 am