
चंडीगढ़। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पंजाब दौरे से पहले भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में किसान खाद की किल्लत, फसलों की बर्बादी और मंडियों में अव्यवस्थाओं से परेशान हैं। इसके बावजूद राज्य सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही है। जाखड़ ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान किसानों की इन समस्याओं को उनके सामने उठाया जाएगा।
जाखड़ ने बताया कि शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में समराला स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) का दौरा और अन्य महत्वपूर्ण चर्चाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भले ही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सीधे तौर पर शिवराज सिंह चौहान के अधीन नहीं है, लेकिन पंजाब के किसानों की बदहाल स्थिति को देखते हुए उनके सामने मंडियों में किसानों को हो रही परेशानियों का मुद्दा रखा जाएगा।
सुनील जाखड़ ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी के प्रयासों से पंजाब को 42 हजार करोड़ रुपए जारी किए गए थे। धान खरीद का सीजन 1 नवंबर से शुरू होना था और इससे पहले 27 अक्टूबर को ही यह राशि जारी कर दी गई थी। इसके बावजूद आज किसानों को मंडियों में भटकना पड़ रहा है। उन्होंने इसके लिए भगवंत मान सरकार की कार्यप्रणाली को जिम्मेदार ठहराया। जाखड़ ने कहा कि राज्य सरकार की अक्षमता और नाकामी के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब में खाद की पर्याप्त उपलब्धता होने के बावजूद किसानों को इसे खुले बाजार में ऊंची कीमतों पर यानी कालाबाजारी से खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जलस्तर बढ़ने को उपलब्धि बता रहे हैं, लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि बढ़ते जलस्तर ने किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। यहां तक कि फसल विविधीकरण योजना के तहत बोई गई फसलें भी इससे प्रभावित हुई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जलस्तर मापने के लिए जगह-जगह निशान लगाते घूम रहे हैं, लेकिन उन्हें इसके कारण किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान की वास्तविकता समझ नहीं आ रही है।
सुनील जाखड़ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है, वही खुद सुरक्षित नहीं है। ऐसे में सरकार की उपयोगिता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के व्यापारी, किसान और युवा सभी शांति और सुरक्षित माहौल चाहते हैं, लेकिन मौजूदा हालात में आम नागरिकों के बजाय अपराधी और असामाजिक तत्व सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जाखड़ ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार कुछ ऐसे तत्वों को संरक्षण दे रही है। इनमें से कुछ को चुनाव के टिकट दिए गए हैं, जबकि कुछ को सीधे तौर पर सुरक्षा और संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जेलों में बंद गैंगस्टर और अपराधी भी सुरक्षित हैं, जबकि आम जनता सुरक्षा के लिए परेशान है।