राष्ट्रीय

अजित पवार की मौत पर आरोपों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नया मोड़, सुनील तटकरे ने मुख्यमंत्री फडणवीस से की मुलाकात

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय की चर्चाओं के बीच नेताओं की मुलाकातों का दौर जारी है। सुनील तटकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है, जबकि एक दिन पहले वे सुनेत्रा पवार से भी मिले थे।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 8:21 PM IST
Sunil Tatkare
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सुनील तटकरे। फोटो- पत्रिका

Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र की राजनीति में दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के एक होने की चर्चाओं के बीच नेताओं की मुलाकातों का दौर जारी है। इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है। खास बात यह है कि तटकरे ने एक दिन पहले ही उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से भी मुलाकात की थी। शिवसेना नेता रामदास कदम की ओर से अजित पवार की मौत को लेकर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद हुई इस मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से अहम माना जा रहा है।

रामदास कदम ने लगाए थे गंभीर आरोप

दरअसल पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के एक होने की चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच शिवसेना के वरिष्ठ नेता रामदास कदम ने सुनील तटकरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या अजित पवार की मौत के पीछे किसी साजिश में तटकरे का हाथ था? कदम ने इस पहलू से भी मामले की जांच कराने की मांग की थी। इन आरोपों पर सुनील तटकरे ने पलटवार किया था। उन्होंने रामदास कदम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने जैसी टिप्पणी की थी। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई।

तटकरे ने दिवाली की शुभकामनाएं देने की बात कही

रामदास कदम के आरोपों और उसके बाद हुई बयानबाजी के बीच सुनील तटकरे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने उनके सरकारी आवास वर्षा पहुंचे। मुलाकात के बाद तटकरे ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर साझा की। उन्होंने बताया कि दिवाली के अवसर पर मुख्यमंत्री से सद्भावना मुलाकात की और उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं। तटकरे ने इस मुलाकात को सुखद बताया। हालांकि इस मुलाकात के पीछे किसी राजनीतिक चर्चा की जानकारी उन्होंने सार्वजनिक नहीं की है।

धनंजय मुंडे ने भी मुख्यमंत्री से की मुलाकात

राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे ने भी मुख्यमंत्री फडणवीस से उनके आवास वर्षा पर मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि मुलाकात के दौरान मराठवाड़ा में सूखे की गंभीर स्थिति पर चर्चा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री से किसानों को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता देने का आग्रह किया। मुंडे के अनुसार मुख्यमंत्री ने किसानों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया है। ऐसे में तटकरे और मुंडे की अलग-अलग मुलाकातों के बीच महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि दोनों नेताओं ने इन मुलाकातों को दिवाली की शुभकामनाओं और संबंधित मुद्दों से जुड़ा बताया है।

Updated on:
11 Nov 2026, 8:21 PM IST
Published on: