राष्ट्रीय

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में गिरफ्तारियों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र सरकार से 10 दिन में मांगा जवाब

दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों, वकीलों और पत्रकारों की गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार से 10 दिन में जवाब मांगा है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 2:51 PM IST
Election Commission Protest
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लेती पुलिस (फोटो सोर्स- ANI)

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में जमकर प्रदर्शन हुए थे, जिसमें कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्ती दिखाई है।

शीर्ष कोर्ट ने प्रदर्शनकारियों, वकीलों और पत्रकारों को कथित तौर पर हिरासत में लेने के मामले में केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार से विस्तृत जवाब मांगा है। दोनों सरकारों को जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है।

एक साथ अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश

चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने बुधवार को मामले की सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि सरकारें सभी याचिकाओं पर एक साथ अपना जवाब दाखिल करें। इसके बाद याचिकाकर्ताओं को जवाब पर अपना पक्ष रखने के लिए एक सप्ताह का समय मिलेगा।

ज्ञानेश कुमार को क्यों हटाने की मांग कर रहे थे प्रदर्शनकारी?

यह मामला 10 और 11 अक्टूबर को दिल्ली में हुए प्रदर्शनों से जुड़ा है। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। आरोप था कि चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं।

प्रदर्शन में कई युवा संगठन और राजनीतिक दल शामिल हुए थे। इस दौरान दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों, वकीलों और पत्रकारों के साथ मारपीट करने और उन्हें हिरासत में लेने के आरोप लगे थे।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की। इसी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में कई याचिकाएं दाखिल की गईं। याचिकाओं में पुलिस की कार्रवाई को गैरकानूनी बताते हुए हिरासत में लिए गए लोगों के अधिकारों का उल्लंघन होने की बात कही गई है।

पहले भी मामले में विशेष सुनवाई कर चुका है सुप्रीम कोर्ट

प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के आरोपों को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 11 अक्टूबर को विशेष सुनवाई की थी।

उस दिन जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने निर्देश दिया था कि किसी भी व्यक्ति को कानून में तय प्रक्रिया के बिना हिरासत में नहीं लिया जाए।

कोर्ट ने खास तौर पर शांतिपूर्ण और बिना हथियार प्रदर्शन करने वाले लोगों के अधिकारों पर जोर दिया था। पीठ ने यह भी कहा था कि जहां निषेधाज्ञा लागू नहीं है, वहां प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मनमानी कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।

कुछ याचिकाओं पर ही दाखिल हुआ था जवाब

इस बीच, बुधवार की सुनवाई में केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने कोर्ट को बताया कि हिरासत से संबंधित सभी याचिकाओं पर हलफनामा दाखिल नहीं किया गया है। कुछ मामलों में ही सरकार की ओर से जवाब दिया गया है।

Updated on:
25 Nov 2026, 2:51 PM IST
Published on: