राष्ट्रीय

‘कानून जाने बिना ‘बाहुबली’ बनने की कोशिश न करें’ SC ने बिहार के जज को लगाई फटकार, जानें क्या है पूरा मामला

सुप्रीम कोर्ट ने जज को फटकार लगाते हुए कहा कि कानून की जानकारी के बिना 'बाहुबली' बनने की कोशिश न करें। दरअसल, मामला एक पुलिस अधिकारी को प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं करने पर दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने से जुड़ा है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 4:33 PM IST
Supreme Court
सुप्रीम कोर्ट (Photo-IANS)

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सेशन जज के बर्ताव की कड़ी आलोचना की है। शीर्ष अदालत ने जज को फटकार लगाते हुए कहा कि कानून की जानकारी के बिना 'बाहुबली' बनने की कोशिश न करें। मामला एक पुलिस अधिकारी को प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं करने पर दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने से जुड़ा है। पुलिस अधिकारी ने अदालत के आदेश के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की थी। इस पर सत्र न्यायाधीश ने इसे अदालत की अवमानना मानते हुए उसी दिन अधिकारी को दोषी करार दे दिया था।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच बिहार के इस न्यायिक अधिकारी की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने जज की कानूनी समझ और उनके रवैये पर सवाल उठाए। जस्टिस बागची ने कहा कि कानून को लेकर आपकी समझ बेहद निराशाजनक है। आपने जिस आक्रामक तरीके से काम किया, पुलिस अधीक्षक (SP) को तलब किया और उसी दिन उसे दोषी ठहरा दिया। यह चिंताजनक है। बेंच ने याचिकाकर्ता के वकील से कहा कि वे अपने मुवक्किल (जज) को समझाएं कि वह 'बाहुबली' की तरह व्यवहार करना बंद करें।

जानें क्या है पूरा मामला

दरअसल, बिहार के सेशन जज ने एक मामले में पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। पुलिस अधिकारी ने आदेश का पालन नहीं किया तो जज ने इसे 'कोर्ट के खिलाफ अपराध' माना और अधिकारी को दोषी ठहराते हुए उस पर जुर्माना भी लगा दिया। सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या सेशन जज को ऐसा करने का कानूनी अधिकार था? पीठ ने यह भी जानना चाहा कि क्या जज अपने कोर्टरुम में जिला मजिस्ट्रेट (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) को बुला सकता है और उनके पेश नहीं होने को कोर्ट के सामने किया गया अपराध मानते हुए उसी दिन सजा सुना सकते हैं?

कोर्ट के सामने अपराध किसे कहते हैं?

जस्टिस बागची ने कहा कि जज को सबसे पहले यह समझना चाहिए कि अदालत की अवमानना का कानूनी दायरा क्या है और BNSS की धारा 384 तथा दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 345 के तहत 'कोर्ट के सामने किया गया अपराध' किसे माना जाता है। BNSS की धारा 384 और CrPC की धारा 345 के तहत, जो कोर्ट के भीतर आचरण से जुड़े प्रक्रियात्मक प्रावधान हैं, एक जज को तुरंत दंडात्मक कार्रवाई करने का अधिकार तभी मिलता है, जब अदालत की मौजूदगी में या चल रही न्यायिक कार्यवाही के दौरान कोई विशेष व्यवधान पैदा किया जाए।

जस्टिस बागची ने इसे समझाने के लिए कुछ ठोस उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कोर्ट के भीतर किसी को थप्पड़ मारता है, सुनवाई के दौरान गाली-गलौज करता है या न्यायाधीश के स्पष्ट आदेश के बावजूद कोर्ट कक्ष से बाहर जाने से इनकार करता है, तो ऐसी घटनाओं को अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है।

अदालत के बाहर आदेश नहीं मानना इस श्रेणी में नहीं आता

जस्टिस बागची ने कहा कि किसी अधिकारी की ओर से कोर्ट के बाहर दिए गए आदेश का पालन नहीं करना, अदालत के सामने किए गए अपराध की श्रेणी में नहीं आता। उदाहरण के तौर पर, पुलिस अधिकारी का एफआईआर दर्ज करने के न्यायिक आदेश का पालन नहीं करना इस प्रावधान के तहत तत्काल दोषसिद्धि का आधार नहीं बन सकता। पीठ ने कहा कि जब अदालत के किसी आदेश का उसके तत्काल न्यायिक दायरे से बाहर उल्लंघन होता है, तो कार्रवाई के लिए अलग कानूनी प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र का पालन करना जरूरी है। केवल आदेश की अवहेलना के आधार पर किसी अधिकारी को उसी दिन दोषी ठहराकर सजा नहीं दी जा सकती।

Updated on:
23 Nov 2026, 4:33 PM IST
Published on: