23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / Jharkhand: भगवान की पूजा करते हुए लगाया वॉट्सऐप स्टेटस बना आखिरी, आधे घंटे बाद पति-पत्नी की हादसे में मौत की खबर ने सबको रुलाया

Jharkhand: भगवान की पूजा करते हुए लगाया वॉट्सऐप स्टेटस बना आखिरी, आधे घंटे बाद पति-पत्नी की हादसे में मौत की खबर ने सबको रुलाया

Jharkhand Bus Accident: झारखंड के समेद शिखरजी से तीर्थयात्रा कर लौट रहे सूरत के दंपती की बस हादसे में मौत हो गई। उनका 25 वर्षीय बेटा दूसरी बस में होने के कारण सुरक्षित बच गया, जबकि हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सूरत

•

image

Rakesh Mishra

•

Updated: 23 Nov 2026, 3:55 PM IST

Jharkhand Bus Accident

बाबूलाल वंजराज जैन और बदामी देवी। फाइल फोटो- पत्रिका

Surat Couple Bus Accident: झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित जैन तीर्थस्थल समेद शिखरजी की यात्रा पूरी कर लौट रहे सूरत के एक दंपती की सड़क हादसे में मौत हो गई। देर रात करीब 10 बजे श्रद्धालुओं से भरी बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में कपड़ा व्यापारी बाबूलाल वंजराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी की जान चली गई, जबकि उनका 25 वर्षीय बेटा भावेश दूसरी बस में होने के कारण सुरक्षित बच गया। हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।

जैन समाज के यात्रा संघ में शामिल हुए थे

इस घटना की सबसे दुखद बात यह रही कि हादसे से महज आधा घंटा पहले रात 9:30 बजे बदामी देवी ने भगवान की पूजा करते हुए वॉट्सऐप पर अपना आखिरी स्टेटस लगाया था। पड़ोसी पूजा विकासभाई जैन ने बताया कि बदामी देवी ने हादसे से पहले पूजा के तीन-चार स्टेटस लगाए थे। रात 9:30 बजे उनका आखिरी स्टेटस आया था। इसके करीब 45 मिनट बाद रात 10:15 बजे बस हादसे की खबर मिली। जानकारी के अनुसार बाबूलाल जैन अपनी पत्नी बदामी देवी और 25 वर्षीय अविवाहित बेटे भावेश के साथ जैन समाज के यात्रा संघ में शामिल हुए थे।

पेड़ से टकराई थी बस

यह संघ 10 नवंबर की रात सूरत से रवाना हुआ था। सभी श्रद्धालु ट्रेन से यात्रा कर समेद शिखरजी पहुंचे थे। तीर्थयात्रा पूरी करने के बाद सभी श्रद्धालु टाटानगर से ट्रेन पकड़ने के लिए बसों से जा रहे थे। इसी दौरान एक बस पेड़ से टकरा गई। इस बस में बाबूलाल जैन और उनकी पत्नी सवार थे। हादसे में दोनों की मौत हो गई। उनका बेटा भावेश दूसरी बस में था, इसलिए उसकी जान बच गई। जैन समाज की परंपरा के अनुसार तीर्थभूमि पर किसी श्रद्धालु का निधन होने पर वहीं अंतिम संस्कार किया जाता है।

समेद शिखरजी में होगा अंतिम संस्कार

इसी परंपरा के तहत बाबूलाल जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी का अंतिम संस्कार समेद शिखरजी में ही किया जाएगा। उनके शव सूरत नहीं लाए जाएंगे। अंतिम संस्कार के बाद समाज के लोग उनके बेटे भावेश को सूरत लेकर आएंगे। बाबूलाल जैन सूरत में कपड़े का काम करते थे। उनका बेटा भावेश भी पिता के साथ इसी कारोबार में जुड़ा हुआ था। परिवार धार्मिक प्रवृत्ति का था और अक्सर तीर्थयात्राओं पर जाता था। इस बार भी परिवार समाज के आयोजन के तहत यात्रा में शामिल हुआ था।

हादसे ने परिवार की खुशियां छीनीं

यात्रा पूरी होने के बाद घर लौटते समय हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना से परिवार और सूरत के जैन समाज में शोक का माहौल है। जैन समाज के मनीष किरीटभाई शाह ने बताया कि समाज के सबसे बड़े तीर्थ समेद शिखरजी की यात्रा के लिए करीब 350 श्रद्धालु गए थे। यात्रा अच्छी तरह पूरी हो गई थी और सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में सोमचिंतामणि परिवार के दो धार्मिक सदस्यों की मौत हो गई। यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल हुए अन्य यात्रियों की स्थिति सुरक्षित बताई गई है।