23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / पुलिस ने किया काला जादू करने वाली गैंग का भंडाफोड़, तेलंगाना में 5 लोग गिरफ्तार

पुलिस ने किया काला जादू करने वाली गैंग का भंडाफोड़, तेलंगाना में 5 लोग गिरफ्तार

तेलंगाना में पुलिस ने काला जादू करने वाली गैंग का भंडाफोड़ कर दिया है। इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification
Black magic fraud gang busted

तेलंगाना में काला जादू करने वाली गैंग का भंडाफोड़ (Photo - ANI/Telangana Police)

तेलंगाना (Telangana) में पुलिस को एक एक अंतर-राज्यीय गैंग के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। काला जादू (Black Magic) करके लोगों का पैसा दोगुना करने का झांसा देकर यह गैंग लोगों के साथ धोखाधड़ी करता था। आदिलाबाद जिले की इचोडा पुलिस ने इस गैंग का भंडाफोड़ कर दिया है। इसके साथ ही इस गैंग के 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

अब तक की लाखों की ठगी

आदिलाबाद जिले के एसपी अखिल महाजन ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इस गैंग के 5 लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। काला जादू के नाम पर यह गैंग सीधे-साधे लोगों से लाखों रुपये ठगता था और इस तरह धोखाधड़ी से कमाए गए पैसों का इस्तेमाल ऐशो-आराम की ज़िंदगी जीने में करता था।

एक रूपए के नोट को दस रूपए में बदलने का दिया झांसा

पुलिस ने जानकारी दी कि 19 नवंबर की शाम को इचोडा मंडल में NH-44 पर एक स्कूल के पास बने अंडर-ब्रिज के पास ठगी का एक मामला सामने आया। शिकायत दर्ज कराने वाला शख्स टोकाला राजू, अपने परिचित श्रीपति शंकर के साथ काम के सिलसिले में आदिलाबाद आया था। आरोपियों ने एक हफ्ते पहले आदिलाबाद बस स्टैंड पर उससे मुलाकात की। आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास जादुई शक्तियाँ हैं और वो एक रूपए के नोट को दस रूपए में बदल सकते हैं। उनकी बातों पर भरोसा करके राजू 3 लाख रूपए नकद लेकर बताई गई जगह पर पहुंच गया। इसके बाद आरोपियों ने ज़बरदस्ती पैसे छीन लिए। फिर राजू और शंकर पर हमला किया और एक कार में बैठकर वहाँ से भाग गए।

आरोपियों ने कई जिलों में लोगों को ठगा

राजू और शंकर ने ठगी के अगले दिन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अत्रम परशुराम पहले भी इसी तरह से लोगों को ठग चुका है। काला जादू वाला यह गैंग लोगों को पैसे दोगुने या चार गुना करने का लालच देता था, फिर उनके पैसों से भरे बैग को बदलकर उसमें सफेद कागज या नकली नोट भरकर उन्हें दे देता था। इसके बाद गैंग के सदस्य लोगों से कहते थे कि नोटों से भरे बैगों को 5 से 10 दिनों तक न खोलें। बाद में जब लोग उनसे सवाल पूछते, तो वो कहते कि काला जादू सही से नहीं हुआ है और फिर एक्स्ट्रा पैसों की मांग करते थे। पुलिस ने बताया कि इस गैंग ने मंचरियल, करीमनगर, पेड्डापल्ली, निजामाबाद, आसिफाबाद, कामारेड्डी और अन्य जिलों में भी इसी तरह से लोगों को ठगा है। पुलिस को आरोपियों के पास से 3,74,000 रूपए नकद, तीन कारें और चार मोबाइल फोन मिले हैं। अत्रम के साथ ही बक्कन्ना, नौगाडे शेखर, मंडली शैलेश और शेख अलीम को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

गैंग के खिलाफ 8 मामले दर्ज

आदिलाबाद जिले में इस गैंग के खिलाफ पुलिस ने कुल 8 मामले दर्ज किए गए हैं। दो उत्नूर में, पांच इंदरवेली में और एक इचोडा में। पुलिस ने इन मामलों में 10 पीड़ितों की पहचान की है, जबकि माना जा रहा है कि इस गैंग ने पूरे राज्य में 24 लोगों को ठगा है। इस मामले की आगे की जांच जारी है।