
Tamil Nadu News: सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी से जुड़े कैश फॉर जॉब्स (पैसे लेकर नौकरी देने) के मामले में सुनवाई के दौरान अभियोजन के तरीको के बदलने पर गंभीर टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा कि एक सरकार मामले में ढिलाई बरतती है, जबकि दूसरी सरकार आते ही तेजी से कार्रवाई करने लगती है। आपराधिक न्याय व्यवस्था में ऐसा नहीं होना चाहिए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को निर्देश दिया है कि वह मामले में कार्यवाही को टाल दे।
मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि आरोप गंभीर हो सकते हैं, लेकिन किसी व्यक्ति को उसकी बात सुने बिना दोषी नहीं ठहराया जा सकता। इसके बाद सुनवाई में प्रतिवादी की ओर से यह भी कहा गया कि सरकार बदल चुकी है।
प्रतिवादी के यह कहने पर जस्टिस बागची ने तिखी टिपप्णी करते हुए कहा कि आपराधिक न्याय प्रणाली का सबसे बुरा पहलू यह है कि राजनीतिक सत्ता बदलने के साथ ही अभियोजन का तरीका भी बदल जाता है। इसके बाद उन्होंने कहा कि एक सरकार मामले को टालती रहती है, तो दूसरी सरकार बहुत जल्दबाजी दिखाती है। ऐसे में अभियोजन पक्ष से समझदारी और संतुलित रवैये की उम्मीद की जाती है।
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट को बताया कि मामला ट्रायल कोर्ट में आरोप तय करने के चरण में है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को निर्देश दिया कि वह मामले को 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह की किसी तारीख तक स्थगित कर दे।
सेंथिल बालाजी के खिलाफ यह मामला 2011 से 2015 के बीच का है। उस समय वे AIADMK सरकार में परिवहन मंत्री थे। उन पर आरोप है कि परिवहन विभाग में भर्तियों के दौरान पैसे लेकर नौकरियां दी गई थी। इसके बाद ईडी ने इस मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग आरोपों में जून 2023 में उन्हें गिरफ्तार किया था।
बालाजी को पिछले साल जमानत देते समय सुप्रीम कोर्ट ने कई शर्तें लगाई थी। इनमें हर सोमवार और शुक्रवार सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक चेन्नई स्थित ED कार्यालय में हाजिरी देना शामिल था। इसके अलावा तीन मूल मामलों के जांच अधिकारियों के सामने हर महीने पेश होना और अदालत में हर सुनवाई पर मौजूद रहना भी जरूरी था। इसके बाद बालाजी ने इन शर्तों में बदलाव की मांग की है।