
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले में विशेष कार्य बल (STF) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक संदिग्ध आतंकी को दबोचा है। शुरुआती जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस को शक है कि जैश के इस संदिग्ध आतंकवादी का मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर हमला करने का प्लान था। आतंकी के पास से मिले मोबाइल और डॉक्यूमेंट्स देखने के बाद यह बात सामने आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किया गया संदिग्ध आतंकी हामिद मंडल जम्मू-कश्मीर के पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड सज्जाद भट का बेहद करीबी बताया जा रहा है। एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात बर्धमान के 'रेनेसां टाउनशिप' इलाके में स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर उसे धर दबोचा। बताया जा रहा है कि हामिद पिछले 2 से 3 महीनों से यहां नाम बदलकर किराए के फ्लैट में रह रहा था और अपना नेटवर्क फैला रहा था।
एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी हामिद मंडल को शुक्रवार को बर्दवान की अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है। एसटीएफ फिलहाल आरोपी के संपर्क सूत्र, वित्तीय लेनदेन और स्थानीय मददगारों की कुंडली खंगाल रही है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल में जुटी हैं कि क्या बंगाल या देश के अन्य हिस्सों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य स्लीपर सेल भी सक्रिय हैं। मामले के हर पहलू और संभावित साजिशों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी पर राज्य के मंत्री उमेश राय ने कहा है कि यह नया पश्चिम बंगाल है और यहां अलगाववादी या देश विरोधी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही थीं। देश भर में कई आपराधिक गतिविधियों में एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल था, जो अलग-अलग समय पर लोगों को अलग-अलग तरीकों से धमकियां दिया करता था। उन्होने बताया कि मुझे भी कई अंतरराष्ट्रीय कॉल आए थे, जिनमें मुझे जान से मारने और मेरे बेटे का अपहरण करने की धमकी दी गई थी। हमने इस पूरे मामले पर ममता सरकार से चर्चा की थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच एसटीएफ को सौंप दी। उसी जांच के सिलसिले में अब इन लोगों की गिरफ्तारी हुई है।