राष्ट्रीय

‘ममता बनर्जी के पास अब न जनसमर्थन, न पार्टी का नाम-निशान’, शुभेंदु अधिकारी का SIR को लेकर बड़ा हमला

Suvendu Adhikari on SIR: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एसआईआर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में विपक्ष के पास अब न जनसमर्थन बचा है और न ही पहले जैसी राजनीतिक पकड़।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
Suvendu Adhikari
CM Suvendu Adhikari (Photo-ANI)

Suvendu Adhikari on SIR: कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एसआईआर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में विपक्ष के पास अब न जनसमर्थन बचा है और न ही पहले जैसी राजनीतिक पकड़। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि एसआईआर को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम की तस्वीर अब साफ हो चुकी है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि विपक्ष जिस आंदोलन की बात कर रहा है, उसका जमीन पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने हाल ही में कोर्ट की अनुमति के बाद श्रीरामपुर में हुई एक सभा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां महज करीब 150 लोगों की मौजूदगी थी।

15 साल मुख्यमंत्री और 6 बार सांसद रहीं, पांच महीने में सब खत्म

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि ममता बनर्जी 15 साल तक मुख्यमंत्री और छह बार सांसद रह चुकी हैं, लेकिन पिछले पांच महीनों में उनकी राजनीतिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अब न पार्टी के पुराने नाम का प्रभाव बचा है और न ही चुनाव चिह्न का, जबकि पार्टी कई हिस्सों में बंट चुकी है।

27 लाख नामों को लेकर क्या बोले अधिकारी?

एसआईआर प्रक्रिया के दौरान करीब 60 लाख प्रविष्टियों में से 27 लाख को तार्किक विसंगतियों के आधार पर खारिज किए जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया चुनाव अधिकारियों ने न्यायिक अधिकारियों के तौर पर की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी और उनकी पार्टी ने एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान एक-दो नहीं, बल्कि करीब 20 बार सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के जरिए पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला न्यायाधीशों को नियुक्त किया था। उनके अनुसार, तार्किक विसंगतियों को लेकर अदालत में हुई कार्रवाई भी न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा थी।

ममता, एमए बेबी और राहुल गांधी केरल में भी प्रदर्शन करें

शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के साथ राहुल गांधी और माकपा नेता एमए बेबी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष एसआईआर को लेकर प्रदर्शन करना चाहता है तो उसे केरल में भी प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को तिरुवनंतपुरम जाकर प्रदर्शन करना चाहिए, क्योंकि उनके मुताबिक केरल में एसआईआर को लेकर स्थिति अलग है। अधिकारी ने दावा किया कि वहां कांग्रेस ने चुनाव जीता है, जबकि बिहार और पश्चिम बंगाल में स्थिति विपक्ष के लिए खराब रही है। अधिकारी ने पश्चिम बंगाल को एसआईआर प्रक्रिया में पूरी तरह अलग मामला बताते हुए कहा कि राज्य में तार्किक विसंगतियों को लेकर सामने आई स्थिति अन्य राज्यों से अलग है।

Updated on:
27 Sept 2026 11:19 am
Published on:
27 Sept 2026 11:19 am