राष्ट्रीय

T20 World Cup Final: शाबाश, टीम इंडिया! चैंपियन बनने पर पीएम मोदी ने दी बधाई और शेयर की अपनी मन की बात

टी-20 विश्व कप फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन की दमदार पारियों से टीम इंडिया ने बड़ा स्कोर बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी और गर्व जताया।

2 min read
Mar 09, 2026
T20 World Cup Final

T20 World Cup Final में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस बड़ी जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक हर जगह टीम इंडिया की तारीफ हो रही है। क्रिकेट प्रेमी इस जीत को लंबे समय तक याद रखने वाली जीत बता रहे हैं। टीम इंडिया की इस शानदार कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “शाबाश, टीम इंडिया!” पीएम मोदी ने कहा कि आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत बेहतरीन कौशल, मजबूत इरादों और शानदार टीमवर्क का नतीजा है।

T20 World Cup Final: पीएम ने की तारीफ


प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त आत्मविश्वास और साहस दिखाया। इस जीत ने हर भारतीय को गर्व महसूस कराया है और देश के करोड़ों लोगों के चेहरे पर खुशी ला दी है। अगर फाइनल मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन यह फैसला जल्द ही गलत साबित हो गया।

T20 World Cup Final: अभिषेक और संजू ने खेली शुरूआती शानदार पारी


भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और पावरप्ले के छह ओवरों में ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, जो पूरे टूर्नामेंट में खास लय में नहीं दिखे थे, फाइनल में पूरी तरह बदले हुए अंदाज में नजर आए। उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रन ठोक दिए। अपनी इस तेजतर्रार पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 शानदार छक्के लगाए। इसके बाद संजू सैमसन ने भी कमाल की बल्लेबाजी की। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाने के बाद उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ भी शानदार पारी खेली। सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन बनाए। हालांकि वह शतक से थोड़ा दूर रह गए, लेकिन उनकी पारी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी पारी में 5 चौके और 8 बड़े छक्के शामिल रहे। ईशान किशन ने भी तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 25 गेंदों में 54 रन बनाए।

भारत के बड़े स्कोर के जवाब में जब न्यूजीलैंड की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो वह दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही विकेट निकालना शुरू कर दिया। पूरी टीम 20 ओवर पूरे होने से पहले ही ऑल आउट हो गई और भारत ने 96 रनों से बड़ी जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने एक बार फिर दुनिया को दिखा दिया कि भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा और आत्मविश्वास की कोई कमी नहीं है।

Published on:
09 Mar 2026 12:18 am
Also Read
View All

अगली खबर