
TVK प्रमुख थलापति विजय (Photo- IANS)
तमिलनाडु चुनाव अब पूरी तरह से रोमांचक हो गया है। एक एग्जिट पोल में विजय का बड़ा धमाका देखने को मिला है। एक्सिस माई इंडिया ने टीवीके को 98-120 सीटें दीं हैं। इसमें एमके स्टालिन काफी पीछे हैं। सीएम फेस में विजय आगे नजर आ रहे हैं। जानिए डीएमके और एआईएडीएमके की स्थिति क्या है।
तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय ने जो प्रदर्शन किया है, वो अब एग्जिट पोल में साफ दिख रहा है। एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल ने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कझगम (टीवीके) को पहली बार चुनाव लड़ते हुए जबरदस्त प्रदर्शन की भविष्यवाणी की है।
एक्सिस माई इंडिया के अनुसार, टीवीके अकेले 98 से 120 सीटें जीत सकती है, जबकि सत्ताधारी डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन 92 से 100 सीटों पर सिमट सकता है। यह नतीजा तमिलनाडु की राजनीति को पूरी तरह हिला देने वाला माना जा रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अगले मुख्यमंत्री के रूप में लोगों की पहली पसंद अब विजय बन गए हैं। सर्वे में 37 प्रतिशत लोगों ने विजय का नाम लिया, जबकि मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को सिर्फ 35 प्रतिशत समर्थन मिला। युवाओं में विजय की जबरदस्त लोकप्रियता अब वोट में बदलती दिख रही है।
हालांकि बाकी एग्जिट पोल की तस्वीर थोड़ी अलग है। पीपुल्स पल्स ने डीएमके गठबंधन को 125-145 सीटें दी हैं, जबकि एआईएडीएमके-भाजपा गठबंधन को 65-80 सीटें। इस पोल में टीवीके को सिर्फ 2-6 सीटें मिलती दिख रही हैं।
मैट्राइज ने डीएमके गठबंधन को 122-132 और एआईएडीएमके गठबंधन को 80-100 सीटें दी हैं। टीवीके को यहां भी 0-6 सीटों के बीच रखा गया है।
पी-मार्क और पीपुल्स इनसाइट जैसे अन्य एग्जिट पोल में भी डीएमके गठबंधन को बहुमत मिलता दिख रहा है, लेकिन टीवीके को 1 से 40 सीटों तक का अनुमान लगाया गया है। तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं।
तमिलनाडु की राजनीति पिछले कई दशकों से डीएमके और एआईएडीएमके के गठबंधनों के बीच घूमती रही है। लेकिन इस बार विजय की पार्टी टीवीके के आने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। युवा वोटरों और नए चेहरों की तलाश कर रहे लोगों में विजय की पार्टी ने अच्छी खासी दिलचस्पी पैदा कर दी है।
पिछले हफ्ते विजय ने मतदान प्रतिशत को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने इसे "तमिलनाडु की चुनावी राजनीति का ऐतिहासिक पल" बताया और कहा कि आम लोगों ने राजनीति को कुछ खास लोगों के कब्जे से आजाद कर दिया है।
विजय ने एक्स पर लिखा- जो लोग मेरे दिल में बसते हैं, उन सबको नमस्कार। परिवार-परिवार बच्चे लेकर वोट देने पहुंचा। विदेशों से लोग खर्च करके वोट करने आए। यह लोकतंत्र का त्योहार था।
डीएमके के नेतृत्व वाला सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस (एसपीए) में कांग्रेस भी शामिल है। अगर डीएमके गठबंधन सत्ता में वापस लौटता है तो कांग्रेस की दक्षिण भारत में स्थिति मजबूत बनी रहेगी। अब सबकी नजर 4 मई को आने वाले नतीजों पर है।
अगर एक्सिस माई इंडिया का अनुमान सही साबित होता है तो तमिलनाडु में नई राजनीतिक ताकत के रूप में विजय और उनकी पार्टी टीवीके की धमाकेदार शुरुआत हो जाएगी।
Published on:
29 Apr 2026 10:23 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
