
Tamil Nadu Cyber Crime: तमिलनाडु में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। राज्य साइबर क्राइम विंग के आंकड़ों के अनुसार पिछले छह वर्षों में साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन अपराधों से संबंधित कुल 8,39,994 शिकायतें दर्ज की गई हैं। वर्ष 2021 में जहां 23,118 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, वहीं 2026 में अब तक यह संख्या बढ़कर 1,64,167 तक पहुंच गई है। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2021 में साइबर अपराधों से पीड़ितों को एक सौ दस करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था और 288 करोड़ रुपए की संदिग्ध राशि को ब्लॉक किया गया और 39 करोड़ रुपए पीड़ितों को वापस दिलाए गए। इस दौरान 320 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा बीस लोगों के खिलाफ गुंडा निरोधक कानून के तहत कार्रवाई की गई।
यह जानकारी गुरुवार को साइबर क्राइम विंग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस. सेल्वनागरत्नम, एसपी एम. मीनाक्षी और एस. शक्तिवेल ने दी। अधिकारियों ने दूरसंचार विभाग के समन्वय से की गई संयुक्त छापेमारी का विवरण संवाददाता सम्मेलन में साझा किया।
वर्ष 2022 में शिकायतों की संख्या बढ़कर 61,416 हो गई। इस दौरान 288 करोड़ रुपए की वित्तीय हानि दर्ज की गई। पुलिस ने 105 करोड़ रुपए ब्लॉक किए और 26 करोड़ रुपए की राशि पीड़ितों को लौटाई। वर्षभर में 495 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 15 के खिलाफ गुंडा निरोधक कानून लगाया गया। वर्ष 2023 में 95,084 शिकायतें दर्ज हुईं। इस दौरान साइबर अपराधियों ने 753 करोड़ रुपए की ठगी की। पुलिस ने छह सौ करोड़ रुपए की राशि ब्लॉक की, जबकि 24 करोड़ रुपए वापस दिलाए। इस मामले में 538 गिरफ्तारियां हुईं और 14 लोगों पर गुंडा निरोधक कानून के तहत कार्रवाई की गई।
वर्ष 2024 में शिकायतों का आंकड़ा 1,27,065 तक पहुंच गया। इस वर्ष 1,673 करोड़ रुपए की वित्तीय हानि दर्ज की गई। पुलिस ने 771 करोड़ रुपए ब्लॉक किए और 83 करोड़ रुपए पीड़ितों को लौटाए। साथ ही 861 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 35 पर गुंडा निरोधक कानून लागू किया गया।
वर्ष 2025 में 1,68,144 शिकायतें सामने आईं, जिनमें 2,176 करोड़ रुपए की ठगी हुई। पुलिस ने 264 करोड़ रुपए ब्लॉक किए और 131 करोड़ रुपए की राशि वापस दिलाई। इस दौरान 1,269 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 52 लोगों के खिलाफ गुंडा निरोधक कानून के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं वर्ष 2026 में अब तक 1,64,167 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इन मामलों में 1,474 करोड़ रुपए की वित्तीय हानि हुई है। पुलिस ने 255 करोड़ रुपए ब्लॉक किए और नब्बे करोड़ रुपए पीड़ितों को वापस दिलाए। अब तक 1,556 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 33 के खिलाफ गुंडा निरोधक कानून के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, केवल 2025 और 2026 में ही साइबर अपराधों के कारण राज्य में 3,650 करोड़ रुपए से अधिक की वित्तीय हानि दर्ज की गई है, जो साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को दर्शाती है।
| वर्ष | दर्ज शिकायतें | वित्तीय नुकसान (करोड़ रुपये) | ब्लॉक की गई राशि (करोड़ रुपये) | पीड़ितों को लौटाई गई राशि (करोड़ रुपये) | गिरफ्तार आरोपी | गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई |
|---|---|---|---|---|---|---|
| 2021 | 23,118 | 110 | 288 | 39 | 320 | 20 |
| 2022 | 61,416 | 288 | 105 | 26 | 495 | 15 |
| 2023 | 95,084 | 753 | 600 | 24 | 538 | 14 |
| 2024 | 1,27,065 | 1,673 | 771 | 83 | 861 | 35 |
| 2025 | 1,68,144 | 2,176 | 264 | 131 | 1,269 | 52 |
| 2026* | 1,64,167 | 1,474 | 255 | 90 | 1,556 | 33 |
| कुल | 8,39,994 | 6,474 | 2,283 | 393 | 5,039 | 169 |
नोट- 2026 के आंकड़े अब तक दर्ज मामलों पर आधारित हैं।