
Kallakurichi Collector Controversy: स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने मंगलवार को कहा कि महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। सोशल मीडिया पर कल्लकुरिची से विधायक अरुल विघ्नेश द्वारा कलेक्टर को अनुचित संदेश भेजने की खबरें सामने आने के बाद यह विवाद शुरू हुआ।
मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व में राज्य प्रशासन किसी भी तरह के उत्पीड़न के मामलों में शून्य सहिष्णुता नीति अपनाता है। उन्होंने स्पष्ट किया, हमारे मुख्यमंत्री के प्रशासन में किसी पर भी आरोप लगे तो निष्पक्ष जांच होगी और पक्षपात रहित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया- जैसे ही कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त होगी, आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर कड़ी सजा दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि आरोप की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ जांच करेगा।
मंत्री राजमोहन ने दोहराया कि जांच बिना किसी भेदभाव के की जाएगी। राज्य सरकार सार्वजनिक सेवा में लगे अधिकारियों की गरिमा की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा सरकार सभी आरोपों को गंभीरता से लेती है और यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो कानूनी कार्रवाई से परहेज नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि ने राज्य सरकार से मांग की है कि कल्लकुरिची जिला कलेक्टर के प्रति कथित अनुचित व्यवहार और आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोपों पर टीवीके विधायक के खिलाफ उचित जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री से भी हस्तक्षेप की अपील की है।
ज्योतिमणि ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि रिपोर्ट्स के अनुसार विधायक ने महिला आइएएस अधिकारी को आपत्तिजनक संदेश भेजे और निजी मुलाकात के दौरान भी अनुचित व्यवहार किया। उन्होंने बताया कल्लकुरिची कलक्टर ने इस घटना को लेकर औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है।
सांसद ने कहा कि अगर कोई महिला अपनी योग्यता, प्रतिभा और मेहनत से ऊंचाई छूती है, तब भी अगर समाज उसे केवल एक महिला या शरीर के रूप में देखता है, तो यह मानसिकता स्वीकार्य नहीं है। हम ऐसी सोच को नजरअंदाज नहीं कर सकते। उन्होंने कहा राज्य में लगभग पचास प्रतिशत जिला कलक्टर महिलाएं हैं, जो मुख्यमंत्री की महिलाओं की मेहनत, प्रतिभा और प्रशासनिक क्षमता पर अटूट विश्वास को दर्शाता है।
ज्योतिमणि के अनुसार, ऐसे आरोप सरकार और सत्तारूढ़ पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस तरह के आचरण को शुरुआत में ही रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी इस विषय में तत्काल दखल देने को कहा है।
ज्योतिमणि ने अपने बयान में कहा इन आरोपों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। सांसद ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया है।