
चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने कर्मचारियों को 15 दिन की पितृत्व छुट्टी (Paternity Leave) देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को इस फैसले का ऐलान किया। सरकार के इस कदम का उद्देश्य बच्चों की परवरिश में पिता की भागीदारी बढ़ाना और परिवार की जिम्मेदारियों को साझा करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, राज्य सरकार के विवाहित पुरुष कर्मचारी बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या जन्म के छह महीने के भीतर 15 दिन की पितृत्व छुट्टी ले सकेंगे। इस फैसले से कर्मचारियों को बच्चे के जन्म के समय परिवार के साथ रहने और उसकी देखभाल में सहयोग करने का अवसर मिलेगा।
तमिलनाडु सरकार में कार्यरत महिला कर्मचारियों को फिलहाल 365 दिन यानी एक साल की मातृत्व छुट्टी दी जाती है। सरकार ने कहा कि महिला कर्मचारियों को मिलने वाली यह छुट्टी मातृत्व के महत्व और बच्चे के कल्याण को ध्यान में रखकर दी जाती है। इसी तर्ज पर अब पुरुष कर्मचारियों को भी पितृत्व छुट्टी देने का फैसला किया गया है।
सरकार की विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुरुष कर्मचारियों को पितृत्व छुट्टी देने से वे परिवार की जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से साझा कर सकेंगे। इससे बच्चे के पालन-पोषण में पिता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। सरकार ने बताया कि राज्य के कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से पुरुष कर्मचारियों के लिए पितृत्व छुट्टी की मांग की जा रही थी। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।