Tamil Nadu Politics: AIADMK नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद ए. एलवरसन ने कहा कि मैं एआईएडीएमके के उप प्रचार सचिव पद सहित सभी प्राथमिक सदस्यता पदों से इस्तीफा दे रहा हूं।
Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव में ही हार के बाद AIADMK सियासी घमासान जारी है। राज्यसभा के पूर्व सांसद और AIADMK नेता ए. एलवरसन ने शुक्रवार को पार्टी से अपने इस्तीफा दिया है। इसके बाद उन्होंने त्रिची स्थित अपने आवास पर मीडिया को संबोधित किया। मीडिया से बात करते हुए एलवरसन ने आरोप लगाया कि एमजी रामचंद्रन और पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता के कार्यकाल के दौरान काम करने वाले कई वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ उन्हें पिछले 10 सालों से दरकिनार कर दिया गया है।
इससे पहले, एलवरसन ने AIADMK के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी को सौंपे गए अपने इस्तीफे पत्र की एक प्रति जारी की थी। पत्र में उन्होंने कहा कि उन्होंने 1983 से विभिन्न पदों पर रहते हुए 42 सालों तक AIADMK की सेवा की है और पार्टी के विकास के लिए अथक प्रयास किए हैं।
एलवरसन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद, खुद समेत लाखों पार्टी कार्यकर्ता मौजूदा नेतृत्व में पार्टी को पतवारविहीन नाव की तरह भटकते देखकर दुखी थे। उन्होंने कहा कि जयललिता के निधन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने एडप्पाडी के पलानीस्वामी पर भरोसा जताते हुए उन्हें बड़ी उम्मीदों के साथ महासचिव चुना था। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में लिए गए कई फैसलों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के भरोसे को हिला दिया है।
उन्होंने आगे दावा किया कि जयललिता के निधन के बाद पार्टी में वफादारी और मेहनत का महत्व कम हो गया, जबकि नए सदस्यों और धनबल को प्राथमिकता दी गई। उनके अनुसार, यही एआईएडीएमके की लगातार 11 चुनावी हार का मुख्य कारण था।
उन्होंने नेतृत्व की हार के कारणों का विश्लेषण करने में विफलता की आलोचना की और महासचिव पर हार की जिम्मेदारी लेने से इनकार करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वरिष्ठ नेताओं की राय को नजरअंदाज किया गया। इलावरसन ने कहा कि मैं ऐसे महासचिव के साथ काम नहीं करना चाहता जो हार स्वीकार करने से इनकार करता हो। एडप्पाडी के पलानीस्वामी का हठधर्मी रवैया ही पार्टी की लगातार हार का कारण है। इसीलिए मैं एआईएडीएमके छोड़ रहा हूं।
एक तीखी टिप्पणी में एलवरसन ने दावा किया कि डीएमके के समर्थन से मुख्यमंत्री बनने के प्रयास भी किए गए थे, जिसे उन्होंने एआईएडीएमके का राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बताया। इन कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने घोषणा की कि वे उप प्रचार सचिव के पद और एआईएडीएमके की प्राथमिक सदस्यता दोनों से गहरे दुख के साथ इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पार्टी की बार-बार की असफलताओं के कारणों को बताने वाले किसी भी व्यक्ति को तुरंत संगठन से निकाल दिया जाता था।