राष्ट्रीय

तमिलनाडु में दो नाबालिगों की हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार; पुलिस पर हमला करने पर एक आरोपी के पैर में मारी गोली

Tamil Nadu double murder: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में दिवाली की रात दो 17 वर्षीय नाबालिग लड़कों की हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हथियार बरामदगी के दौरान एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 10:55 AM IST
Tamil Nadu double murder
Tamil Nadu double murder (Photo-ANI)

तिरुचिरापल्ली। तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में दिवाली की रात दो नाबालिग लड़कों की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान केनी विंस, करणिशन, सरवनन, शिवनेशन, किरुबाकरण और हरिहरन के रूप में हुई है। पुलिस जब एक आरोपी शिवनेशन को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए ले जा रही थी, तभी उसने पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की।

इसके बाद पुलिस ने गोली चला दी, जो उसके बाएं घुटने में लगी। पुलिस के अनुसार, यह घटना 8 नवंबर को तिरुचिरापल्ली जिले के समयापुरम इलाके में हुई थी। मृतकों की पहचान वीरा राहुल और विशाल के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 17 साल बताई गई है।

अस्पताल में दोस्त से मिलने गए थे दोनों युवक

पुलिस जांच के मुताबिक, दिवाली के दिन राहुल और विशाल अपने छह दोस्तों के साथ धनलक्ष्मी श्रीनिवासन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे थे। वहां उनका दोस्त विग्नेश पटाखे जलाते समय झुलसने के कारण भर्ती था। सभी उससे मिलने गए थे।

अस्पताल से करीब 80 मीटर दूर पहुंचने के बाद युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान छह लोगों ने कथित तौर पर राहुल और विशाल पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई।

राहुल के भाई की शिकायत पर समयापुरम पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों से पूछताछ के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

नाबालिग लड़की से जान-पहचान को लेकर रंजिश का शक

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक राहुल और आरोपी केनी विंस के बीच एक नाबालिग लड़की से जान-पहचान को लेकर विवाद था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते दोनों की हत्या की गई। हालांकि, हत्या की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

हथियार बरामद कराने ले गई पुलिस पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवनेशन को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके और छिपाकर रखे हथियार से उन पर हमला करने की कोशिश की।

पुलिसकर्मियों ने उसे चेतावनी दी, लेकिन वह कथित तौर पर हमला करने की कोशिश करता रहा। इसके बाद इंस्पेक्टर गुणशेखरन ने उसे रोकने के लिए गोली चला दी। गोली शिवनेशन के बाएं घुटने में लगी और वह घायल हो गया।

घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल श्रीरंगम सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए तिरुचिरापल्ली सरकारी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। तिरुचिरापल्ली जिला पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

Updated on:
11 Nov 2026, 10:55 AM IST
Published on: